BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

जिलाधिकारी के साथ IBA की सकारात्मक बैठक: औद्योगिक समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में बड़ी पहल


जलभराव, ड्रेनेज और सफाई व्यवस्था पर साप्ताहिक समीक्षा का आश्वासन; ईकोटेक-3 को विश्वस्तरीय मॉडल औद्योगिक क्षेत्र बनाने के प्रस्ताव को मिली सराहना

मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ गौतमबुद्धनगर
जनपद के औद्योगिक क्षेत्रों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में जिला प्रशासन और उद्योग जगत के बीच संवाद को नई गति मिली है। इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), गौतम बुद्ध नगर के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी महोदया के साथ महत्वपूर्ण एवं सकारात्मक बैठक कर औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को विस्तार से रखा।
बैठक में यूपीसीडा साइट-5 तथा साइट-बी/सी में जलभराव, ड्रेनेज और सफाई व्यवस्था की समस्या प्रमुखता से उठाई गई। IBA प्रतिनिधियों ने बताया कि इन समस्याओं के कारण औद्योगिक इकाइयों को लंबे समय से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। जिलाधिकारी महोदया ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने यह भी आश्वासन दिया कि समस्या का स्थायी समाधान होने तक यूपीसीडा के साथ साप्ताहिक बैठक कर प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी। इस निर्णय को उद्योग जगत ने समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना है।
ईकोटेक-3 को मॉडल औद्योगिक क्षेत्र बनाने की तैयारी
बैठक का एक महत्वपूर्ण विषय उद्योग केंद्र-2, ईकोटेक-3 को “विश्वस्तरीय मॉडल गेटेड आदर्श औद्योगिक क्षेत्र” के रूप में विकसित करने का IBA का प्रस्ताव रहा। एसोसिएशन द्वारा प्रस्तुत विस्तृत प्रस्ताव की जिलाधिकारी महोदया ने सराहना करते हुए इसे सकारात्मक एवं दूरगामी सोच वाला कदम बताया।
उन्होंने शीघ्र ही एक संयुक्त समिति गठित करने का आश्वासन दिया, जिसमें जिला प्रशासन, संबंधित प्राधिकरण और IBA के प्रतिनिधि शामिल होंगे। समिति विकास कार्यों की नियमित समीक्षा करेगी और प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी।
IBA के प्रस्तावित मॉडल के सफल होने के बाद इसे जनपद के अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में भी चरणबद्ध तरीके से लागू किए जाने की संभावना है। इससे गौतम बुद्ध नगर के औद्योगिक क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं, स्वच्छता, ड्रेनेज, सुरक्षा और समग्र इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाने की दिशा में एक नया मॉडल विकसित हो सकता है।
“उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता से होगा समाधान”
बैठक में जिलाधिकारी महोदया ने कहा कि गौतम बुद्ध नगर की पहचान उद्योग और उद्यमियों से है, इसलिए उद्यमियों से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिस समस्या का संबंध जिस प्राधिकरण से है, उसे संबंधित प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर वहीं बैठक के माध्यम से समाधान कराया जाए। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि उद्यमियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
खिलाड़ियों के लिए सुविधा उपलब्ध कराने पर जताया आभार
बैठक के दौरान IBA प्रतिनिधिमंडल ने शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम को आमजन के लिए खोले जाने तथा खिलाड़ियों को अत्यंत नाममात्र वार्षिक शुल्क पर अभ्यास की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी महोदया का आभार व्यक्त किया।
IBA की ओर से उन्हें स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित भी किया गया।
प्रशासन और उद्योग के बीच बेहतर समन्वय की उम्मीद
IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि जिलाधिकारी महोदया के सकारात्मक दृष्टिकोण, त्वरित निर्णय लेने की कार्यशैली और उद्योग हितैषी सोच से जनपद के उद्यमियों में विश्वास और नई उम्मीद पैदा हुई है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन और उद्योग जगत के बीच निरंतर संवाद एवं समन्वय से न केवल वर्तमान समस्याओं का समाधान संभव है, बल्कि गौतम बुद्ध नगर को देश के अग्रणी एवं आदर्श औद्योगिक जिलों में स्थापित करने की दिशा में भी ठोस कार्य किया जा सकता है।
बैठक में IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय, महासचिव  सुनील दत्त शर्मा, कोषाध्यक्ष  राकेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष  नरेश चौहान, उपाध्यक्ष  राजेश खन्ना, युवा कार्यकारिणी सदस्य  हर्ष तोमर एवं वरिष्ठ सदस्य  चंचल कुमार उपस्थित रहे।
IBA, गौतम बुद्ध नगर ने जिलाधिकारी महोदया द्वारा दिए गए सकारात्मक आश्वासन और उद्योग हित में की गई पहल के लिए उनका हृदय से आभार व्यक्त किया।


.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }