BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

भनौता में चला ग्रेनो प्राधिकरण का बुल्डोजर, 40 हजार वर्गमीटर में फैला अतिक्रमण ध्वस्त, 80 करोड़ की जमीन कराई मुक्त



 मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी" / ग्रेटर नोएडा

 ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने मंगलवार को अधिसूचित क्षेत्र भनौता में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए लगभग 40 हजार वर्ग मीटर जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया। इस दौरान अवैध निर्माणों पर बुल्डोजर चलाकर उन्हें पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। प्राधिकरण के अनुसार, मुक्त कराई गई भूमि की अनुमानित कीमत करीब 80 करोड़ रुपये है।

यह कार्रवाई प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर भूलेख विभाग और परियोजना विभाग की संयुक्त टीम द्वारा योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दी गई। कार्रवाई की जिम्मेदारी परियोजना विभाग के वर्क सर्किल-2 को सौंपी गई थी, जिसने मौके पर पहुंचकर भारी पुलिस बल और सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी में अभियान चलाया।

अधिकारियों ने बताया कि ग्राम भनौता के खसरा संख्या 132, 133, 135 समेत आसपास की प्राधिकरण की अर्जित एवं अधिसूचित भूमि पर कुछ कॉलोनाइजर अवैध रूप से प्लॉटिंग करने की तैयारी कर रहे थे। इसके लिए वहां अस्थायी और पक्के निर्माण भी शुरू कर दिए गए थे। प्राधिकरण को इसकी सूचना मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई का निर्णय लिया गया।

मंगलवार को सुबह शुरू हुई यह कार्रवाई करीब दो घंटे तक चली, जिसमें जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से अवैध निर्माणों को गिराया गया। टीम ने मौके पर बने कमरों, बाउंड्री वॉल और प्लॉटिंग से जुड़े ढांचों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया, ताकि भविष्य में दोबारा कब्जे की कोशिश न हो सके।

प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने स्पष्ट रूप से कहा कि अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति या नक्शा पास कराए किसी भी प्रकार का निर्माण पूरी तरह अवैध है और ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति या समूह दोबारा अतिक्रमण करने का प्रयास करता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें एफआईआर दर्ज कर संपत्ति जब्ती तक की कार्रवाई शामिल हो सकती है।

उन्होंने आम नागरिकों को भी सतर्क करते हुए अपील की कि ग्रेटर नोएडा या आसपास के क्षेत्रों में जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से उसकी वैधता की पूरी जांच अवश्य कर लें। बिना सत्यापन के अवैध कॉलोनियों में निवेश करने से लोगों की गाढ़ी कमाई फंस सकती है।

प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके सिंह ने बताया कि इस अभियान का नेतृत्व वर्क सर्किल-2 के वरिष्ठ प्रबंधक प्रदीप कुमार ने किया। उनके साथ प्रबंधक रोहित गुप्ता, अभिषेक सिंह, सहायक प्रबंधक मनोज चौधरी और प्राधिकरण के सुरक्षा कर्मियों की टीम मौजूद रही। पूरे अभियान के दौरान क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।

प्राधिकरण ने दोहराया है कि शहर में अवैध कॉलोनियों और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। इस तरह की कार्रवाई से न केवल सरकारी भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित हो रही है, बल्कि नियोजित विकास को भी मजबूती मिल रही है।