BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

श्रमिकों को राहत देने की पहल: इकोटेक-12 में 5 किलो LPG सिलेंडर वितरण कैंप, भारी संख्या में लाभार्थी पहुंचे

 मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी" / ग्रेटर नोएडा
इकोटेक-12 इंडस्ट्रीज एसोशिएशन (रजि.) और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) के संयुक्त तत्वावधान में इकोटेक-12 इंडस्ट्रियल एरिया स्थित प्लॉट संख्या-59 पर 5 किलोग्राम LPG गैस सिलेंडर वितरण कैंप का सफल आयोजन किया गया। दोपहर 3 बजे से 4 बजे तक चले इस विशेष कैंप में बड़ी संख्या में श्रमिकों ने पहुंचकर रियायती दरों पर गैस सिलेंडर प्राप्त किए।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों को बढ़ती गैस कीमतों से राहत प्रदान करना था। हाल के अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों, विशेषकर ईरान-इजराइल संघर्ष के चलते गैस आपूर्ति प्रभावित होने से बाजार में कीमतों में बढ़ोतरी देखी जा रही है, जिसका सीधा असर श्रमिक वर्ग पर पड़ा है। ऐसे में यह कैंप उनके लिए एक बड़ी राहत बनकर सामने आया।
इकोटेक-12 इंडस्ट्रीज एसोशिएशन (रजि.) के अध्यक्ष साहिल कुमार ने बताया कि यह पहल केवल गैस वितरण तक सीमित नहीं, बल्कि श्रमिकों के हितों की रक्षा और उनके पलायन को रोकने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि “यदि श्रमिकों को मूलभूत सुविधाएं सुलभ दरों पर उपलब्ध होंगी, तो उद्योगों में स्थिरता बनी रहेगी और उत्पादन पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।”
कैंप में IOCL के सहयोग से मैसर्स देवी सरस्वती इंडेन सेवा गैस एजेंसी द्वारा सिलेंडरों की आपूर्ति की गई। एसोसिएशन ने समय पर पर्याप्त सिलेंडर उपलब्ध कराने के लिए एजेंसी के प्रतिनिधि भाटी जी का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान श्रमिकों की भारी भीड़ देखने को मिली, जिसे सुव्यवस्थित ढंग से संभालने में आयोजन टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्लॉट संख्या-59 पर कार्यरत रोहन और एसोसिएशन के कोऑर्डिनेटर राजेश पुंडीर ने व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय सहयोग दिया, जिसके लिए अध्यक्ष साहिल कुमार ने उनका विशेष धन्यवाद किया।
यह आयोजन इकोटेक-12 क्षेत्र में उद्योग और श्रमिकों के बीच सहयोगात्मक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है। भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी कैंप आयोजित करने की योजना पर एसोसिएशन कार्य कर रहा है।