BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

भाकियू (बलराज) में शौकत अली चेची की घर वापसी, किसान आंदोलन को मिली नई ऊर्जा


तीनों प्राधिकरणों में लंबित किसान समस्याओं और बिजली विभाग के कथित शोषण पर हुई चर्चा
मौहम्मद इल्यास “दनकौरी” / ग्रेटर नोएडा 
ग्रेटर नोएडा के परी चौक स्थित बशीर मार्केट में शनिवार को भारतीय किसान यूनियन (बलराज) द्वारा एक भव्य सम्मान समारोह एवं किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बलराज भाटी ने की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
इस गोष्ठी में किसानों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में वर्षों से लंबित किसानों की समस्याओं, मुआवजा, आबादी निस्तारण, पुनर्वास तथा विकास से जुड़े मामलों को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। साथ ही बिजली विभाग द्वारा उपभोक्ताओं के साथ कथित शोषण, गलत बिलिंग, अधिक शुल्क वसूली और विभागीय मनमानी जैसे मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया गया। किसान नेताओं ने कहा कि यदि जल्द ही इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो संगठन किसानों को साथ लेकर बड़े आंदोलन की रणनीति बनाएगा।
शौकत अली चेची की वापसी बना कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण
कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण और चर्चित पहलू वरिष्ठ किसान नेता शौकत अली चेची की भारतीय किसान यूनियन (बलराज) में वापसी रहा। शौकत अली चेची ने अपने दर्जनभर समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ किसान एकता संघ को छोड़कर पुनः भाकियू (बलराज) का दामन थाम लिया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष बलराज भाटी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें संगठन का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया। इसके साथ ही उनकी टीम के कई कार्यकर्ताओं को भी संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
कई पदाधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
राष्ट्रीय अध्यक्ष बलराज भाटी ने संगठन विस्तार के तहत कई पदाधिकारियों की नियुक्ति की घोषणा की।
राजेंद्र भाटी को सदर तहसील अध्यक्ष, साजिद भाटी को सिकंदराबाद तहसील अध्यक्ष, अभय चौहान को जिला प्रचार मंत्री, सोनू बैसला को गौतमबुद्ध नगर जिला सहसचिव तथा राजू बैसला को दादरी तहसील महासचिव बनाया गया। सभी को नियुक्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया और संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
पहले भी संभाल चुके हैं बड़े पद
बलराज भाटी ने बताया कि शौकत अली चेची पहले भी भारतीय किसान यूनियन (बलराज) में लंबे समय तक सक्रिय रहे हैं। उन्होंने संगठन में उत्तर प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय महासचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी संभाली है।
उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले वे व्यक्तिगत कारणों से किसान एकता संघ में चले गए थे, लेकिन उनका मन और लगाव हमेशा भाकियू (बलराज) के साथ ही जुड़ा रहा। अब उनकी वापसी से संगठन को नई मजबूती मिलेगी।
संघर्षशील किसान नेता की पहचान
बलराज भाटी ने कहा कि शौकत अली चेची एक सुलझे हुए और संघर्षशील किसान नेता हैं, जिन्होंने हमेशा किसानों और मजदूरों के हक की आवाज उठाई है। उनका परिवार भी किसान आंदोलन की मजबूत विरासत से जुड़ा रहा है।
उन्होंने बताया कि चेची के पिता स्वर्गीय बशीर अली चेची अपने समय के साहसी और जुझारू किसान नेता थे। उन्होंने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के साथ अपनी जमीन को लेकर लंबी और मजबूती से लड़ाई लड़ी थी और अपनी पुश्तैनी जमीन को अधिग्रहण से बचाने में सफलता हासिल की थी। आज उसी जमीन पर परी चौक के पास “बशीर मार्केट” के नाम से एक प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र विकसित हो चुका है, जो उनके संघर्ष की पहचान बन चुका है।
अन्य संगठनों को परखा, लेकिन भाकियू (बलराज) जैसा जज्बा नहीं: चेची
अपने संबोधन में शौकत अली चेची ने कहा कि उन्होंने लंबे समय तक भारतीय किसान यूनियन (बलराज) में रहकर किसानों और मजदूरों की आवाज बुलंद की और कई समस्याओं का समाधान भी कराया।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय में उन्होंने अन्य किसान संगठनों को भी करीब से देखा और उनके साथ काम करके अनुभव प्राप्त किया। लेकिन उन्हें महसूस हुआ कि किसानों के हितों के लिए जिस समर्पण, संघर्ष और एकजुटता की जरूरत होती है, वह भारतीय किसान यूनियन (बलराज) में ही देखने को मिलती है।
चेची ने कहा कि संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बलराज भाटी सभी को साथ लेकर चलने वाले नेता हैं और उनमें किसी प्रकार का भेदभाव नहीं है। इसी कारण उन्होंने पुनः संगठन में लौटने का निर्णय लिया।
उन्होंने यह भी कहा कि संगठन के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका वे पूरी ईमानदारी, निष्ठा और निस्वार्थ भाव से निर्वहन करेंगे। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे पहले की तरह किसानों के हक और अधिकारों की लड़ाई को और मजबूती से आगे बढ़ाएंगे।
महिला विंग ने जताई खुशी
महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय संयोजक रेखा सिवाल ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि शौकत अली चेची और उनकी टीम की संगठन में वापसी से भारतीय किसान यूनियन (बलराज) को और मजबूती मिली है।
उन्होंने कहा कि इससे संगठन के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है। महिला विंग भी किसानों और महिलाओं के अधिकारों के लिए संगठन के साथ मिलकर संघर्ष को आगे बढ़ाएगी।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष रेखा सिवाल, युवा मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सचिन शर्मा, जिलाध्यक्ष योगेश वैष्णव, उत्तर प्रदेश उपाध्यक्ष राहुल भाटी, सोनू खारी और हरेंद्र कुलेसरा, मेरठ मंडल अध्यक्ष जतन भाटी, जिला महासचिव मनीष पीलवान, मेरठ मंडल उपाध्यक्ष अजय भाटी, नोएडा महानगर अध्यक्ष कपिल नागर, कपिल शर्मा, सत्येंद्र बंसल, रविंद्र नागर, अमन सिंह, रविंद्र कुमार, रईस खान, विशाल कुमार, सौरभ कुमार, शाहनवाज खान, हाजी लियाकत अली चेची, एडवोकेट अल्लाह रहम चेची, श्रीमती सोनिका, मुस्ताक भाटी, सराजू बैसला, डॉ. शेरु बैसला, विजेंद्र ठाकुर, चांद सैफी सहित सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
आंदोलन को तेज करने का संकेत
कार्यक्रम के अंत में किसान नेताओं ने कहा कि यदि किसानों की लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन की रणनीति अपनाएगा।
नेताओं ने कहा कि किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन हमेशा संघर्ष करता आया है और आगे भी मजबूती के साथ यह लड़ाई जारी रहेगी।
शौकत अली चेची की संगठन में वापसी को किसान आंदोलन के लिहाज से एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में भारतीय किसान यूनियन (बलराज) की सक्रियता और प्रभाव बढ़ने की संभावना है।