BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

पुराने बाजार में ताबड़तोड़ फायरिंग, घायल युवक की उपचार के दौरान मौत



छह लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी
  Vision Live  / जहांगीरपुर
जेवर कोतवाली क्षेत्र के कस्बा जहांगीरपुर स्थित पुराने बाजार में बुधवार रात करीब 10:15 बजे हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में सनसनी फैल गई। गोली लगने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही जहांगीरपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए जेवर स्थित कैलाश अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान इमरान पुत्र शफी मौहम्मद, निवासी मोहल्ला व्यापारियान, कस्बा जहांगीरपुर के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और दहशत का माहौल बन गया।
मृतक के भाई फरमान पुत्र शफी ने पुलिस को तहरीर देकर छह लोगों को नामजद किया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर छह नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 191(2), 191(3), 190, 103(1), 3(5) और 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
पुरानी रंजिश का आरोप
मृतक के पिता शफी का आरोप है कि काफी समय पहले कुछ लोग एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर रहे थे। उसकी चीख-पुकार सुनकर उनके बच्चों ने बीच-बचाव करते हुए उस व्यक्ति को बचाया था। उनका कहना है कि इसी घटना को लेकर आरोपियों में रंजिश बनी हुई थी और इसी रंजिश के चलते इमरान की हत्या किए जाने की आशंका है। पिता के अनुसार, जिस व्यक्ति को उनके बच्चों ने बचाया था, वह अब कस्बे में नहीं रहता है।
हालांकि, हत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या था, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस द्वारा घटना के कारणों की जांच के साथ-साथ फायरिंग में प्रयुक्त हथियार का पता लगाने और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है।


.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }