BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

ग्रेटर नोएडा मॉडल से सीखकर बिहार में होगा इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास

बिहार की औद्योगिक टाउनशिप का ब्लूप्रिंट तलाशने ग्रेटर नोएडा पहुँचा प्रतिनिधिमंडल
    मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा
बिहार सरकार अब औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देने की दिशा में ठोस कदम उठाने जा रही है। इसी क्रम में बिहार के शहरी विकास एवं आवास विभाग का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के दौरे पर पहुँचा। प्रतिनिधिमंडल का उद्देश्य ग्रेटर नोएडा जैसे सुव्यवस्थित औद्योगिक टाउनशिप मॉडल का अध्ययन कर बिहार में उसी तर्ज पर आधुनिक इंडस्ट्रियल टाउनशिप विकसित करना है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल के साथ विस्तृत बैठक की। बैठक में जमीन अधिग्रहण, किसानों को मिलने वाले लाभ, आवंटन प्रक्रिया, औद्योगिक नीतियाँ, मास्टर प्लान, इंफ्रास्ट्रक्चर विकास और वित्तीय मॉडल पर विस्तार से जानकारी साझा की गई।
प्रतिनिधिमंडल को बताया गया कि किस प्रकार ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण स्ववित्त पोषित मॉडल के तहत इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित कर रहा है। वित्त विभाग द्वारा प्रस्तुत किए गए मॉड्यूल में यह स्पष्ट किया गया कि योजनाबद्ध विकास और पारदर्शी आवंटन प्रणाली से प्राधिकरण आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बना है।
बैठक के बाद प्रतिनिधिमंडल ने आईआईटीजीएनएल के इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप का भ्रमण किया। यहाँ उन्हें प्लग एंड प्ले सिस्टम, वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट, 24 घंटे बिजली-पानी की उपलब्धता और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर की जानकारी दी गई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इस तरह की सुविधाएँ निवेशकों को आकर्षित करने में अहम भूमिका निभाती हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा और आईआईटीजीएनएल के सुव्यवस्थित इंफ्रास्ट्रक्चर, मजबूत नीतियों और प्रोफेशनल प्लानिंग की सराहना की। अधिकारियों ने माना कि यहाँ से मिली जानकारी बिहार में औद्योगिक नीतियाँ तैयार करने और भविष्य की टाउनशिप विकसित करने में बेहद उपयोगी साबित होगी।
बिहार सरकार के इस दौरे को राज्य में रोजगार सृजन, निवेश आकर्षण और औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
प्रतिनिधिमंडल में शहरी विकास एवं आवास विभाग के विशेष सचिव राजीव श्रीवास्तव, अतिरिक्त सचिव मनोज कुमार, अतिरिक्त सचिव विजय प्रकाश मीणा, म्यूनिसिपल कमिश्नर गया अभिषेक पलासिया, सहायक शहरी नियोजक सुपरविजर अनुपम सुनील, सहायक वास्तुकार सुमित रंजन तथा शहरी नियोजक वैभव भटनागर शामिल रहे।