BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

अखिल भारतीय गुर्जर महासभा की महत्वपूर्ण बैठक, कुरीतियों के उन्मूलन और शिक्षा पर दिया गया जोर

मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ गाजियाबाद 
महमूदपुर गांव में अखिल भारतीय गुर्जर महासभा की एक महत्वपूर्ण सभा का आयोजन किया गया, जिसमें समाज में व्याप्त कुरीतियों, दहेज प्रथा, शिक्षा के विस्तार और सामाजिक एकता जैसे अहम विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस सभा में आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में समाज के प्रतिष्ठित लोग शामिल हुए, जिससे कार्यक्रम को व्यापक समर्थन मिला।
सभा में कोतवालपुर गांव के प्रधान शिवकुमार सहित राजपुर, सिरोरा, घड़ी सहित अन्य गांवों के गणमान्य नागरिकों की सक्रिय उपस्थिति रही। महासभा की अध्यक्षता सुरेंद्र ने की, जबकि संचालन गांव के युवा साथी द्वारा किया गया। इस दौरान मास्टर और तेजपाल समेत कई वक्ताओं ने समाजहित में अपने विचार रखे और संगठन की गतिविधियों की सराहना की।
अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रवीर नागर ने संगठन के इतिहास, उद्देश्य और वर्तमान गतिविधियों की जानकारी दी। संगठन महामंत्री अमरजीत चौधरी ने महासभा को एक सशक्त और पुराना संगठन बताते हुए समाज को संगठित रहने का आह्वान किया। मेरठ से आए क्षेत्रीय अध्यक्ष कृष्णपाल सिंह गुर्जर, क्षेत्रीय महामंत्री अमरीश चपराना और मेरठ जिला अध्यक्ष नरेंद्र ने भी अपने विचार साझा किए।
गौतम बुद्ध नगर के जिला अध्यक्ष पंचशील सिंह गुर्जर (कैप्टन साहब, नेवी) ने संगठन की उपलब्धियों और समाज में उसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर एडवोकेट प्रवीण कुमार को अखिल भारतीय गुर्जर महासभा की गाजियाबाद इकाई का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया, जिसका उपस्थित जनसमूह ने स्वागत किया।
महासभा के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सुखबीर सिंह आर्य ने अपने संबोधन में कहा कि गुर्जर समाज को आगे बढ़ाने के लिए सामाजिक कुरीतियों पर रोक लगाना अनिवार्य है। उन्होंने दहेज प्रथा को समाप्त करने, बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने और संस्कारों के विकास के लिए घर-घर यज्ञ जैसे प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
वक्ताओं ने समाज में आई गिरावट पर चिंता जताते हुए कहा कि जब तक समाज में एकता और राजनीतिक भागीदारी नहीं होगी, तब तक विकास संभव नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले चुनावों में वही राजनीतिक दल समाज का सहयोग प्राप्त करेगा, जो समाज को संगठित कर उसके हितों के लिए कार्य करेगा।
सभा के अंत में यह विश्वास जताया गया कि अखिल भारतीय गुर्जर महासभा प्रदेश भर में तेजी से कार्य कर रही है और इसके माध्यम से गुर्जर समाज को एक नई दिशा और मजबूती मिलेगी।