BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

इंटर स्कूल योगासन चैंपियन–2026 में हर्ष भाटी ने जीता गोल्ड, क्षेत्र का नाम किया रोशन

 मौहम्मद इल्यास-"दनकौरी" / गाजियाबाद
 यश कान्वेंट स्कूल, झाझर रोड दनकौर के कक्षा तीन के प्रतिभाशाली छात्र हर्ष भाटी ने एनसीआर स्तर पर आयोजित इंटर स्कूल योगासन चैंपियन–2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल प्राप्त किया। हर्ष की इस उपलब्धि से विद्यालय, परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।
यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 22 फरवरी 2026 को बाल भारती स्कूल, गाजियाबाद में आयोजित की गई, जिसमें यूपी बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड से संबद्ध विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन की तकनीकी शुद्धता, संतुलन, लचीलापन और प्रस्तुति के आधार पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कड़े मुकाबले के बीच हर्ष भाटी ने आत्मविश्वास और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर निर्णायकों को प्रभावित किया और प्रथम स्थान हासिल कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
विद्यालय की संचालिका मंजू भाटी ने हर्ष की सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि हर्ष न केवल खेल एवं योग गतिविधियों में अग्रणी है, बल्कि पढ़ाई में भी अत्यंत होनहार, अनुशासित और मेहनती छात्र है। उन्होंने बताया कि विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है और हर्ष की उपलब्धि उसी का परिणाम है।
हर्ष के पिता सुनील कुमार रियल एस्टेट व्यवसाय से जुड़े हैं। उन्होंने अपने पुत्र की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि नियमित अभ्यास, शिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग से यह उपलब्धि संभव हो पाई है।
विद्यालय परिवार ने हर्ष भाटी को सम्मानित करने की घोषणा की है तथा उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। हर्ष की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनकर सामने आई है और यह दर्शाती है कि लगन, मेहनत और सही मार्गदर्शन से छोटी उम्र में भी बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।