BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

SIR अभियान के तहत ग्रेटर नोएडा मण्डल में अमित शाह के लोकसभा संबोधन का सजीव प्रसारण

  Vision Live / ग्रेटर नोएडा
भारतीय जनता पार्टी के ग्रेटर नोएडा मण्डल कार्यालय में शनिवार को SIR अभियान के अंतर्गत माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के लोकसभा में दिए गए संबोधन का सजीव प्रसारण सुना गया। कार्यक्रम में मण्डल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से दोपहर 12 बजे लोकसभा में दिए गए उनके विचारों को ध्यानपूर्वक सुना।
कार्यक्रम का आयोजन मण्डल अध्यक्ष अर्पित तिवारी के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी की रीढ़ बूथ स्तर की सक्रियता है और प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने-अपने बूथ को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य करना चाहिए। साथ ही उन्होंने पार्टी द्वारा तय किए गए सभी कार्यक्रमों में पूर्ण सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
मण्डल अध्यक्ष ने आगामी 28 दिसंबर 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ को मण्डल के सभी बूथों पर अनिवार्य रूप से सुनने की अपील की। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी ग्रेटर नोएडा मण्डल ने शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराई है और इस परंपरा को आगे भी बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
लोकसभा में अपने संबोधन के दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि SIR अभियान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और जनविश्वास से भरपूर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि यह अभियान राष्ट्र की सुरक्षा, प्रशासनिक दक्षता और नागरिक सहभागिता को मजबूत करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार का हर निर्णय “राष्ट्र प्रथम” की भावना से प्रेरित है और इसमें आम नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
गृह मंत्री ने संगठनात्मक अनुशासन, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका और बूथ स्तर तक मजबूत ढांचे को भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बताया।
इस कार्यक्रम में ग्रेटर नोएडा मण्डल की कार्यकारिणी के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें उपाध्यक्ष, महामंत्री, मंत्री, कोषाध्यक्ष, आईटी संयोजक और मीडिया प्रभारी शामिल रहे। कार्यक्रम का समन्वय मण्डल मीडिया प्रभारी भगवत प्रसाद शर्मा द्वारा किया गया।
कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम के अंत में SIR अभियान और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए संकल्प भी लिया।