BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

कड़ाके की सर्दी में गरीब व बेसहारा लोगों को मिलेगा सुरक्षित आश्रय


ग्रेनो प्राधिकरण ने ग्रेटर नोएडा में तीन स्थानों पर बनाए रैन बसेरा


    मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा
कड़ाके की ठंड को देखते हुए गरीब, बेसहारा और जरूरतमंद लोगों को रात गुजारने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सराहनीय पहल करते हुए शहर में तीन स्थानों पर रैन बसेरों की व्यवस्था की है। ये रैन बसेरा सेक्टर पी-3 के बरातघर, परी चौक (मेट्रो लाइन के नीचे) और डेल्टा-2 के बरातघर में बनाए गए हैं।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एन. जी. रवि कुमार के निर्देश पर परियोजना विभाग द्वारा इन रैन बसेरों का निर्माण कराया गया है। प्रत्येक रैन बसेरे में 25-25 बिस्तरों की व्यवस्था की गई है, जहां ठंड से बचाव के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया गया है। इन रैन बसेरों में रुकने वाले लोगों से किसी प्रकार का कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।

प्राधिकरण के महाप्रबंधक (परियोजना) ए. के. सिंह ने शहरवासियों से अपील की है कि यदि उन्हें कहीं भी कोई गरीब या असहाय व्यक्ति खुले में ठंड से जूझता हुआ दिखाई दे, तो उसे निकटतम रैन बसेरे तक पहुंचाने में सहयोग करें। उन्होंने यह भी कहा कि आवश्यकता पड़ने पर ग्रेटर नोएडा के अन्य क्षेत्रों में भी रैन बसेरों की संख्या बढ़ाई जाएगी।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की यह पहल सर्दी के मौसम में जरूरतमंदों के लिए राहत का कार्य करेगी और सामाजिक जिम्मेदारी का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है।