BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर द्वारा महर्षि वाल्मीकि जयंती पर श्रद्धा और एकता का संदेश


    Vision Live / ग्रेटर नोएडा

जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर द्वारा आदिकवि महर्षि वाल्मीकि जी की जयंती बड़े ही श्रद्धा, आदर और सामाजिक समरसता के संदेश के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में कांग्रेसजनों ने महर्षि वाल्मीकि जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके जीवन, ज्ञान, साहित्य और समाज सुधार में दिए योगदान को नमन किया।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी ने उस युग में शिक्षा, समानता और आत्मसम्मान का जो संदेश दिया था, वह आज के भारत की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने अपने कर्म और विचारों से यह सिद्ध किया कि महानता किसी जाति या जन्म से नहीं, बल्कि आचरण और समाज सेवा से प्राप्त होती है। कांग्रेस पार्टी उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए समाज के हर वर्ग को समान अवसर और सम्मान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।

दीपक चोटीवाला ने आगे कहा कि “आज जब देश में नफ़रत, भेदभाव और विभाजन की राजनीति बढ़ रही है, ऐसे समय में महर्षि वाल्मीकि जी के आदर्श हमारे लिए मार्गदर्शक हैं। हमें समाज को जोड़ने की ज़रूरत है, तोड़ने की नहीं। भाजपा सरकार की नीतियाँ असमानता और भेदभाव को बढ़ावा दे रही हैं, जबकि कांग्रेस पार्टी ‘सबका साथ, समान अधिकार और सामाजिक न्याय’ की नीति पर दृढ़ता से कायम है।”

कार्यक्रम में अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला चेयरमैन धर्म सिंह बाल्मीकि ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी का जीवन हम सबके लिए प्रेरणा है। उन्होंने समाज के हर व्यक्ति को समानता और आत्मगौरव का संदेश दिया। उनकी जयंती हमें यह संकल्प दिलाती है कि हम ऐसा भारत बनाएं जहाँ किसी के साथ भेदभाव न हो और हर नागरिक समान रूप से सम्मान और अवसर पाए।

इस अवसर पर संगठन प्रभारी एवं जिला उपाध्यक्ष मुकेश शर्मा ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी समाज के हर वर्ग के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्षरत है और महर्षि वाल्मीकि जी की विचारधारा से प्रेरणा लेकर सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करती रहेगी।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से मुकेश शर्मा, दुष्यंत नागर, नीरज लोहिया, रिज़वान चौधरी, धर्म सिंह बाल्मीकि, महाराज सिंह नागर, आर.के. प्रथम, हरेंद्र शर्मा, विजय नागर, रमेश बाल्मीकि, सुबोध भट्ट, सचिन जीनवाल, अरविन्द रेक्सवाला, प्रिंस भाटी, ओमकार राणा, विपिन त्यागी, रमेश प्रधान, रंजन सिंह, इंद्रेश कुमार, दयानंद नागर, उपेंद्र, सेवा नागर, सचिन कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजनों और समाजसेवियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का समापन महर्षि वाल्मीकि जी के जयघोष और सामूहिक संकल्प के साथ हुआ कि उनके बताए मार्ग पर चलते हुए समाज में समानता, न्याय और प्रेम की ज्योति जलती रहेगी।