BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

महिला शक्ति को संगठन से जोड़ने की पहल — भारती त्यागी का भव्य स्वागत


📍 गौतमबुद्ध नगर में संगठन सृजन अभियान के तहत महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को किया संबोधित


 मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/गौतमबुद्धनगर
उत्तर प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रांतीय अध्यक्ष भारती त्यागी के गौतमबुद्ध नगर आगमन पर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश कांग्रेस संगठन सृजन अभियान की एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में आयोजित हुआ, जिसमें जिलेभर के कांग्रेस कार्यकर्ता और अग्रिम संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

अपने संबोधन में भारती त्यागी ने कहा कि महिला कांग्रेस न केवल कांग्रेस पार्टी का एक मजबूत अग्रिम संगठन है, बल्कि यह सामाजिक न्याय, महिला सशक्तिकरण और आम जनता की आवाज़ को बुलंद करने का सशक्त माध्यम भी है। उन्होंने जोर देकर कहा:

“कांग्रेस पार्टी एक विशाल छाता है, जिसके अंतर्गत सभी अग्रिम संगठनों को एकजुट होकर कार्य करना चाहिए। हमें हर स्तर पर सक्षम महिलाओं को संगठन में स्थान दिलाना होगा। महिला कांग्रेस को मज़बूत बनाना जिला कांग्रेस की सामूहिक जिम्मेदारी है।”

जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी 'चोटीवाला' ने कहा कि राजनीति और समाज में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा:

“महिला कांग्रेस जितनी मज़बूत होगी, जिला कांग्रेस उतनी ही अधिक प्रभावशाली होकर महिलाओं की समस्याओं को मुखरता से उठा सकेगी। संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत कांग्रेस का लक्ष्य अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़ना है।”

जिला उपाध्यक्ष निशा शर्मा ने कहा कि महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के लिए हमें ऐसे रचनात्मक कार्यक्रम विकसित करने होंगे, जो उन्हें सामाजिक रूप से सशक्त और प्रेरित करें।

जिला महासचिव कल्पना सिंह ने कहा कि जिला कांग्रेस की ओर से महिला कांग्रेस और अन्य अग्रिम संगठनों के बीच समन्वय बनाए रखने के निरंतर प्रयास हो रहे हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि परिणाम समयानुसार आते हैं, लेकिन प्रयास लगातार चलते रहना चाहिए।

इस सम्मान समारोह में कई वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से मुकेश शर्मा, महाराज सिंह नागर, रीमा नायर, श्रुति कुमारी, जुबैदा खातून, रिज़वान चौधरी, धर्म सिंह, सलीम खान, मौहम्मद तक़ी, नितीश चौधरी, गौरव वसिष्ठ, सुबोध भट्ट, डॉ. कुबेर त्यागी, सतीश शर्मा, महकर सिंह आदि शामिल थे।

यह कार्यक्रम महिला नेतृत्व को प्रेरित करने, संगठन में उनकी भूमिका को और मज़बूती देने तथा कांग्रेस संगठन को अधिक समावेशी और सक्रिय बनाने की दिशा में एक सार्थक पहल साबित हुआ।