BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

न्यू नोएडा के सेक्टरों के अंदर ही मिलें किसानों को 20% विकसित प्लॉट, सेक्टरों से बाहर आवंटन मंजूर नहीं : प्रिन्स टाईगर


मिलक खंडेरा महापंचायत में प्रिन्स टाईगर एडवोकेट ने उठाई मांग, कहा- किसान भी न्यू नोएडा के विकास में बनें भागीदार
मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ गौतमबुद्धनगर 
मिलक खंडेरा। न्यू नोएडा फेस-1 के प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण को लेकर मिलक खंडेरा में आयोजित 13 गांवों के किसानों की महापंचायत में प्रिन्स टाईगर एडवोकेट ने किसानों को मिलने वाले 20 प्रतिशत विकसित प्लॉट के स्थान को लेकर महत्वपूर्ण मांग उठाई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों को मिलने वाले 20 प्रतिशत विकसित प्लॉट न्यू नोएडा में प्रस्तावित सेक्टरों के अंदर ही आवंटित किए जाने चाहिए, ताकि किसान भी न्यू नोएडा के विकास का हिस्सा बन सकें और अपनी अधिग्रहित जमीन का उचित लाभ प्राप्त कर सकें।
प्रिन्स टाईगर एडवोकेट ने कहा कि किसान अपनी पुश्तैनी जमीन देकर न्यू नोएडा के विकास में सबसे बड़ा योगदान देने जा रहे हैं। ऐसे में उन्हें विकसित प्लॉट भी न्यू नोएडा के नियोजित सेक्टरों के भीतर मिलने चाहिए। किसानों को सेक्टरों से बाहर प्लॉट आवंटित करना उनके अधिकारों और भविष्य के आर्थिक हितों के साथ समझौता होगा।
उन्होंने कहा कि जब प्राधिकरण किसानों की जमीन पर आधुनिक सेक्टर, औद्योगिक क्षेत्र, आवासीय योजनाएं और अन्य सुविधाएं विकसित करेगा तो जमीन देने वाले किसानों को भी उसी विकास का प्रत्यक्ष लाभ मिलना चाहिए। सेक्टरों के अंदर विकसित प्लॉट मिलने से किसान भविष्य में बेहतर आवासीय एवं व्यावसायिक संभावनाओं का लाभ उठा सकेंगे।
महापंचायत में किसानों ने 20,000 रुपये प्रति वर्ग गज मुआवजा, 20 प्रतिशत विकसित प्लॉट, लाल डोरा से 300 मीटर तक आबादी को अधिग्रहण से मुक्त रखने तथा प्रत्येक प्रभावित परिवार के एक योग्य सदस्य को शैक्षणिक योग्यता के आधार पर रोजगार देने सहित कई मांगें उठाईं।
पंचायत में सैंथली, मिलक खंडेरा, खंडेरा गिरिराजपुर, आनंदपुर, झुम्मनपुरा, फुलपुर, नई बस्ती और नंगला नैनसुख सहित 13 गांवों के सैकड़ों किसान एवं ग्रामीण शामिल हुए। किसानों ने एक स्वर में कहा कि वे विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन अपने अधिकारों और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से समझौता नहीं करेंगे। मांगें पूरी होने तक जमीन नहीं देने का ऐलान भी किया गया।
महापंचायत में सोरन प्रधान, डॉ. रूपेश वर्मा, राधा चरण भाटी, प्रिन्स टाईगर एडवोकेट, मानसिंह प्रधान, चाहत प्रधान, रवींद्र प्रधान, एडवोकेट ऋषि टाईगर, विक्रम कवि जी और श्यामवीर प्रधान सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
महापंचायत के माध्यम से किसानों ने स्पष्ट संदेश दिया कि न्यू नोएडा का विकास किसानों की भागीदारी, सम्मानजनक मुआवजे और उनके अधिकारों की सुरक्षा के साथ होना चाहिए।
.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }