BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर श्री द्रोणाचार्य महाविद्यालय में पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित, विद्यार्थियों ने दिया जागरूकता का संदेश


  मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ यीडा सिटी 
विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर श्री द्रोणाचार्य (पी.जी.) महाविद्यालय, दनकौर के मनोविज्ञान विभाग की ओर से पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, भावनात्मक कल्याण, तनाव प्रबंधन और सकारात्मक जीवनशैली जैसे विषयों को अपनी रचनात्मक कलाकृतियों के माध्यम से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा उनमें आत्मविश्वास, संवेदनशीलता और सकारात्मक सोच विकसित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के सचिव रजनीकान्त अग्रवाल और प्राचार्य डॉ. गिरीश कुमार वत्स ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रतियोगिता का विषय ‘मानसिक स्वास्थ्य: जागरूकता, समझ और सकारात्मक जीवन’ रखा गया। इसमें मनोविज्ञान विभाग के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने पोस्टरों के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी विभिन्न चुनौतियों और उनके प्रति जागरूकता की आवश्यकता को रेखांकित किया।
विद्यार्थियों ने पोस्टरों में मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं की समझ, भावनात्मक संतुलन, तनाव से निपटने के उपाय और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया। कई पोस्टरों पर ‘स्वस्थ मन, सुखी जीवन’ और ‘बेहतर मानसिक स्वास्थ्य, उज्ज्वल भविष्य’ जैसे प्रेरणादायक संदेश लिखे गए, जिन्होंने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में यह संदेश प्रमुखता से उभरा कि शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी जीवन में सफलता और खुशहाली के लिए आवश्यक है।
मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता जरूरी: रजनीकान्त अग्रवाल
महाविद्यालय के सचिव रजनीकान्त अग्रवाल ने मनोविज्ञान विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम भी महत्वपूर्ण हैं। महाविद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने वाले आयोजनों को प्रोत्साहित करता रहेगा।
प्राचार्य डॉ. गिरीश कुमार वत्स ने अपने संबोधन में कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में मानसिक स्वास्थ्य एक महत्वपूर्ण चुनौती बन गया है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति समझ, संवेदनशीलता और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित होता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मन सफल और सुखी जीवन की आधारशिला है। इसलिए मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देना और इससे जुड़ी समस्याओं के प्रति जागरूक रहना आवश्यक है।
माही ने हासिल किया प्रथम स्थान
कार्यक्रम की संयोजिका एवं मनोविज्ञान विभाग की प्रभारी प्रीति शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों के बीच प्रतिस्पर्धा कराना नहीं, बल्कि उनमें तनाव प्रबंधन, आत्म-जागरूकता, आत्मविश्वास और सकारात्मक जीवन दृष्टिकोण विकसित करना भी है। उन्होंने प्रतिभागियों की रचनात्मकता और उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों को अपने विचारों को प्रभावी ढंग से व्यक्त करने का अवसर प्रदान करती हैं।
प्रतियोगिता का मूल्यांकन करने के लिए गठित निर्णायक मंडल में कला विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव उर्फ पिण्टू, विज्ञान विभागाध्यक्ष अमित नागर तथा वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. प्रीति रानी सैन शामिल रहे। निर्णायकों ने पोस्टरों की रचनात्मकता, विषय की स्पष्टता, संदेश की प्रभावशीलता और कलात्मक प्रस्तुति के आधार पर विजेताओं का चयन किया।
प्रतियोगिता में प्रथम सेमेस्टर की माही ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि तृतीय सेमेस्टर की खुशी गौतम द्वितीय और तृतीय सेमेस्टर की मिका तृतीय स्थान पर रहीं। इसके अतिरिक्त तृतीय सेमेस्टर की कशिश और मौनी शर्मा को सांत्वना पुरस्कार के लिए चुना गया। विजेताओं को उत्कृष्टता प्रमाण-पत्र तथा सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।
शिक्षकों और विद्यार्थियों की रही सहभागिता
कार्यक्रम के समापन पर उप-प्राचार्या डॉ. रश्मि गुप्ता ने अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक-प्राध्यापिकाओं के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। इनमें रिषिता, अल्पना नागर, सना, सुमित्रा, पारूल भाटी, ज्योति, मनीषा, सेजल भाटी, हर्षवर्धन, अरुण, अंकुर और हर्ष सहित अन्य विद्यार्थी शामिल रहे।
विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर आयोजित इस प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को रचनात्मक अभिव्यक्ति का मंच देने के साथ ही मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।


.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }