BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के संकल्प के साथ दिल्ली कूच करेंगे गौतमबुद्ध नगर के कांग्रेस कार्यकर्ता, रामलीला मैदान की महारैली में दिखेगी ताकत

Special Story:--वोट बचाओ–देश बचाओ महारैली की तैयारियों को लेकर जिला कांग्रेस कार्यालय में हुई अहम बैठक, यूपी कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष आलोक प्रसाद ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश
मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा
 देश के संविधान, लोकतंत्र और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी ने अपनी राजनीतिक सक्रियता तेज कर दी है। दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली वोट बचाओ–देश बचाओ महारैली को सफल बनाने के लिए गौतमबुद्ध नगर जिला कांग्रेस कमेटी ने पूरी ताकत झोंक दी है। इसी क्रम में जिला कांग्रेस कार्यालय, ग्रेटर नोएडा वेस्ट में आयोजित महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक में जनपद के कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली पहुंचने का आह्वान किया गया। बैठक में कार्यकर्ताओं के बीच महारैली को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त वरिष्ठ उपाध्यक्ष आलोक प्रसाद शामिल हुए। उन्होंने जिला कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ महारैली की तैयारियों की समीक्षा की और संगठन की रणनीति पर चर्चा करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि और सरदार पटेल की जयंती पर किया नमन
बैठक से पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष आलोक प्रसाद और जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि तथा देश के प्रथम उपप्रधानमंत्री एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान दोनों महान विभूतियों के राष्ट्र निर्माण, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की स्थापना में दिए गए योगदान को याद किया गया।
मताधिकार की रक्षा लोकतंत्र की आत्मा : आलोक प्रसाद
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि आलोक प्रसाद ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश को एकता के सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया, वहीं पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश की संप्रभुता, स्वाभिमान और मजबूती के लिए अदम्य साहस का परिचय दिया। इन महान विभूतियों को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि उनके आदर्शों पर चलते हुए देश के संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए मजबूती से खड़ा हुआ जाए।
उन्होंने कहा कि वोट बचाओ–देश बचाओ महारैली महज एक राजनीतिक आयोजन नहीं है, बल्कि देश के लोकतांत्रिक भविष्य, संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता और आम नागरिक के मताधिकार की रक्षा का जनआह्वान है। संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और अपने प्रतिनिधि चुनने का अधिकार प्रदान करता है। यदि किसी नागरिक का नाम गलत तरीके से मतदाता सूची से हटाया जाता है अथवा चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं, तो उनकी पारदर्शी जांच और जवाबदेही सुनिश्चित होनी चाहिए। कांग्रेस इसी लोकतांत्रिक अधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है।
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के संघर्ष के साथ खड़ा है संगठन : दीपक भाटी
जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी लगातार देश के संविधान, लोकतंत्र और आम नागरिक के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं। यह लड़ाई केवल सत्ता परिवर्तन तक सीमित नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के विश्वास को मजबूत बनाए रखने की लड़ाई है। गौतमबुद्ध नगर का प्रत्येक समर्पित कांग्रेस कार्यकर्ता इस संघर्ष में पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज बुलंद करते रहेंगे। जनपद की दादरी, जेवर और नोएडा विधानसभा क्षेत्रों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से महारैली में व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया है।
दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि दिल्ली का रामलीला मैदान लोकतंत्र की रक्षा के लिए उठने वाली जनआवाज का साक्षी बनेगा। गौतमबुद्ध नगर के कांग्रेस कार्यकर्ता संविधान, मताधिकार और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लेकर महारैली में पहुंचेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस उद्देश्य के लिए पार्टी का संघर्ष किसी भी परिस्थिति में कमजोर नहीं पड़ेगा।
इन पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी
बैठक में बृजेश आर्या, महाराज सिंह, मुकेश शर्मा, निशा शर्मा, धर्म सिंह, नीरज लोहिया, विजय नागर, सुबोध भट्ट, बिन्नू भाटी, डॉ. रतनपाल, असगर अली, रमेश जीनवाल, धीरा सिंह, सचिन भाटी, दिनेश शर्मा, इंद्रेश कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है महारैली
गौतमबुद्ध नगर में कांग्रेस की यह बैठक केवल एक रैली की तैयारियों तक सीमित नहीं मानी जा रही है। दादरी, नोएडा और जेवर जैसे तीन विधानसभा क्षेत्रों में संगठन की सक्रियता और कार्यकर्ताओं की भागीदारी के जरिए पार्टी अपनी जमीनी मौजूदगी का संदेश भी देना चाहती है। ऐसे में दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली महारैली में गौतमबुद्ध नगर की भागीदारी स्थानीय कांग्रेस संगठन की एकजुटता और राजनीतिक सक्रियता के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }