BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों में रोशनी बढ़ाने की तैयारी, 6 नवंबर तक खुद निरीक्षण करेंगी ACEO प्रेरणा सिंह



IBA प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात में दिया आश्वासन, रोजाना शाम 6 से रात 12 बजे तक प्राधिकरण की टीम करेगी स्ट्रीट और डेकोरेटिव लाइटों की जांच
मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा
 औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा, बेहतर आवागमन और शहर के सौंदर्यीकरण को लेकर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सक्रियता बढ़ा दी है। औद्योगिक एवं आवासीय क्षेत्रों में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को चालू कराने, डार्क जोन को खत्म करने और प्रमुख गोलचक्करों पर आकर्षक डेकोरेटिव लाइटें लगाने की दिशा में जल्द कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), गौतम बुद्ध नगर के प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय के नेतृत्व में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) प्रेरणा सिंह से मुलाकात कर विभिन्न सुझाव और मांगें रखीं।
बैठक में IBA प्रतिनिधिमंडल ने प्राधिकरण द्वारा औद्योगिक एवं आवासीय क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट, हाईमास्ट और डेकोरेटिव लाइट लगाने के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए आभार पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि CEO एनजी रवि कुमार के मार्गदर्शन और ACEO प्रेरणा सिंह के सक्रिय नेतृत्व में प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए उल्लेखनीय प्रयास किए जा रहे हैं। घंटा चौक सूरजपुर से एलजी गोलचक्कर तक डेकोरेटिव स्ट्रीट लाइट लगाने सहित विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों से उद्यमियों और श्रमिकों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है।
इन प्रमुख गोलचक्करों पर डेकोरेटिव लाइट लगाने का सुझाव
IBA ने बिसरख गोलचक्कर, चौगानपुर गोलचक्कर, घंटा चौक सूरजपुर, एलजी गोलचक्कर से लेकर पी-3 गोलचक्कर तक प्रमुख गोलचक्करों पर डेकोरेटिव लाइटें लगाने का सुझाव दिया। इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्रों के प्रमुख एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर भी आकर्षक प्रकाश व्यवस्था करने का अनुरोध किया, जिससे दीपावली के अवसर पर पूरा औद्योगिक क्षेत्र रोशनी से जगमगाता नजर आए।
महिला श्रमिकों की सुरक्षा पर भी जोर
प्रतिनिधिमंडल ने बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू कराने और अंधेरे वाले स्थानों (डार्क जोन) में नई लाइटें लगाने की मांग की। IBA का कहना था कि औद्योगिक क्षेत्रों में बड़ी संख्या में श्रमिक रात्रि शिफ्ट में काम करते हैं। ऐसे में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था होने से विशेष रूप से महिला श्रमिकों को सुरक्षित आवागमन में मदद मिलेगी और औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा का माहौल मजबूत होगा।
6 नवंबर तक ACEO करेंगी स्थलीय निरीक्षण, रोजाना 6 घंटे चलेगा अभियान
बैठक में ACEO प्रेरणा सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि प्राधिकरण प्रकाश व्यवस्था को लेकर गंभीरता से काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि 6 नवंबर तक वह स्वयं विभिन्न औद्योगिक एवं आवासीय क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण करेंगी। इसके साथ ही प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक प्राधिकरण की टीम औद्योगिक क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट और डेकोरेटिव लाइटों की जांच करेगी। निरीक्षण के दौरान जहां भी कोई कमी सामने आएगी, उसका तत्काल समाधान कराया जाएगा।
IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने विश्वास जताया कि CEO एनजी रवि कुमार के मार्गदर्शन और ACEO प्रेरणा सिंह के नेतृत्व में ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक एवं आवासीय क्षेत्रों में विकास कार्यों को और गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि उद्योगों और प्राधिकरण के बीच सकारात्मक संवाद एवं बेहतर समन्वय से ग्रेटर नोएडा को देश के अग्रणी औद्योगिक नगरों में स्थापित करने में मदद मिलेगी।
.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }