BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

सहज कर संवाद–2026 में IBA ने उठाईं उद्यमियों की समस्याएं, GST आयुक्त को सौंपा मांग-पत्र


मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"
विशेष स्टोरी अपडेट | Vision Live News / ग्रेटर नोएडा 
उद्योग एवं व्यापार जगत की समस्याओं के समाधान और जीएसटी प्रणाली को अधिक सरल एवं उद्योग-अनुकूल बनाने की दिशा में इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), गौतमबुद्ध नगर ने महत्वपूर्ण पहल की है। G.L. बजाज इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट, ग्रेटर नोएडा में केंद्रीय जीएसटी आयुक्तालय, गौतमबुद्ध नगर की ओर से आयोजित ‘सहज कर संवाद–2026’ कार्यक्रम में IBA के प्रतिनिधिमंडल ने उद्यमियों एवं व्यापारियों की समस्याओं, सुझावों और मांगों को प्रमुखता से उठाते हुए आयुक्त डॉ. यशोवर्धन पाठक (IRS) को विस्तृत मांग-पत्र सौंपा।
GST की जटिलताओं से राहत दिलाने पर जोर
IBA की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में जीएसटी पंजीयन और पंजीयन संशोधन प्रक्रिया को सरल बनाने, पंजीयन संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए समर्पित हेल्प डेस्क स्थापित करने तथा इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) से जुड़ी व्यावहारिक कठिनाइयों को दूर करने की मांग की गई। इसके साथ ही रिफंड दावों का समयबद्ध निस्तारण, जीएसटी अनुपालन की प्रक्रिया को आसान बनाने और नोटिस एवं जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने जैसे मुद्दे भी उठाए गए।
एसोसिएशन ने जीएसटी पोर्टल की तकनीकी समस्याओं के शीघ्र समाधान तथा उद्योग संगठनों के साथ नियमित संवाद व्यवस्था विकसित करने का सुझाव भी दिया। IBA का मानना है कि इन सुधारों से उद्यमियों और व्यापारियों को अनावश्यक प्रक्रियागत परेशानियों से राहत मिलेगी, स्वैच्छिक कर अनुपालन को प्रोत्साहन मिलेगा और ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ यानी कारोबार करने की सुगमता को मजबूती मिलेगी।
विभाग और उद्योग जगत के बीच संवाद पर सहमति
कार्यक्रम में अपर आयुक्त दर्पण जैन, अपर आयुक्त अर्जुन लाल सहित केंद्रीय जीएसटी विभाग के अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने उद्योग जगत की ओर से प्रस्तुत सुझावों का स्वागत किया और सकारात्मक एवं सहयोगात्मक दृष्टिकोण के साथ उन पर विचार करने का आश्वासन दिया।
इस संवाद को उद्योग जगत की व्यावहारिक समस्याओं को विभाग तक पहुंचाने और कर व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
IBA ने जताई उद्योग-अनुकूल GST व्यवस्था की उम्मीद
कार्यक्रम में IBA के अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय, महासचिव सुनील दत्त शर्मा, कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, सेक्टर सचिव विरेंद्र प्रताप रावल तथा वरिष्ठ सदस्य सुभाष चौहान शामिल हुए।
IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि ‘सहज कर संवाद–2026’ जैसे आयोजन विभाग और उद्योग जगत के बीच विश्वास, पारदर्शिता एवं सहभागिता को मजबूत करते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि एसोसिएशन की ओर से दिए गए सुझावों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा, जिससे जीएसटी प्रणाली को अधिक सरल, प्रभावी और उद्योग-अनुकूल बनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि उद्यमियों को सुगम कारोबारी वातावरण उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है। इससे न केवल व्यापार एवं उद्योग को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि कर अनुपालन और राजस्व संग्रह को भी मजबूती मिलेगी तथा औद्योगिक विकास को नई गति प्राप्त होगी।



.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }