BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

जागरूकता फिल्म, डिबेट, रील, फार्मा क्विज और नुक्कड़ नाटक के जरिए विद्यार्थियों ने दिया सुरक्षित दवा उपयोग और नशा मुक्ति का संदेश

दवा सुरक्षा से नशा मुक्ति तक: लॉयड इंस्टीट्यूट में फार्माकोविजिलेंस सप्ताह और विश्व फार्मासिस्ट दिवस का आयोजन

 मौहम्मद इल्यास- ‘दनकौरी’ / ग्रेटर नोएडा
दवाओं के सुरक्षित एवं तर्कसंगत उपयोग से लेकर नशे के दुष्परिणामों के प्रति सामाजिक जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से लॉयड इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (फार्मेसी) में 24 और 25 सितंबर को फार्माकोविजिलेंस सप्ताह तथा विश्व फार्मासिस्ट दिवस 2026 का आयोजन किया गया। दो दिवसीय कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न शैक्षणिक, रचनात्मक और जागरूकता आधारित गतिविधियों के माध्यम से स्वास्थ्य एवं सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया।
24 सितंबर को ट्रांसपायर क्लब द्वारा इंडियन फार्मास्युटिकल एसोसिएशन (IPA), दिल्ली स्टेट ब्रांच के सहयोग से 6वें राष्ट्रीय फार्माकोविजिलेंस सप्ताह के अंतर्गत "फार्मासेफ–सेफर मेडिसिन्स, ब्राइटर टुमारो" कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की थीम "फार्माकोविजिलेंस के माध्यम से दवाओं के तर्कसंगत उपयोग को बढ़ावा देना" रही।
कार्यक्रम के दौरान जागरूकता फिल्म प्रदर्शन, वाद-विवाद प्रतियोगिता, जागरूकता दीवार, रील प्रस्तुति और फार्मा नॉलेज क्विज जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने दवा सुरक्षा और फार्माकोविजिलेंस के महत्व को समझने के साथ इसे आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया।
विशेषज्ञों ने समझाया दवा सुरक्षा का महत्व
कार्यक्रम में विशेषज्ञ वक्ता गौरव तनेजा एवं डॉ. मोहम्मद मुमताज़ आलम (जामिया हमदर्द) ने विद्यार्थियों को दवा सुरक्षा और फार्माकोविजिलेंस के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने विद्यार्थियों को दवाओं के उपयोग के दौरान संभावित प्रतिकूल प्रभावों की पहचान और उनकी रिपोर्टिंग के महत्व के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर लॉयड ग्रुप की चीफ स्ट्रेटेजिस्ट एवं ग्रुप डायरेक्टर डॉ. वंदना अरोरा सेठी ने कहा कि फार्माकोविजिलेंस केवल एक वैज्ञानिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि रोगी सुरक्षा के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि दवाओं से संबंधित सुरक्षा जानकारी को समय पर सामने लाना सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने IPA दिल्ली स्टेट ब्रांच जैसे संगठनों के सहयोग से आयोजित कार्यक्रमों को विद्यार्थियों को स्वास्थ्य क्षेत्र की वास्तविक चुनौतियों से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
विश्व फार्मासिस्ट दिवस पर नशा मुक्ति का संदेश
25 सितंबर को कम्युनिटी एंड सोशल रीच क्लब द्वारा विश्व फार्मासिस्ट दिवस 2026 का आयोजन किया गया। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम "एम्पावरिंग फार्मासिस्ट्स फॉर हेल्दियर फ्यूचर्स" रही।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण नशा उन्मूलन एवं जागरूकता पर आधारित नुक्कड़ नाटक रहा। विद्यार्थियों ने प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से नशे के सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों को सामने रखा तथा लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
इसके अलावा पोस्टर प्रस्तुति, लीफलेट निर्माण प्रतियोगिता और फार्मा-क्विज का आयोजन भी किया गया। इन गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य संबंधी विषयों को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया।
डॉ. वंदना अरोरा सेठी ने कहा कि फार्मासिस्ट की भूमिका केवल दवा वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वास्थ्य जागरूकता में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने नशे के खिलाफ विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रस्तुतियों को सामाजिक जागरूकता की दिशा में उपयोगी पहल बताया।
प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
दोनों कार्यक्रमों के दौरान आयोजित प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
फार्मा-क्विज में तेजस्व शर्मा, सलोनी पाल और सौम्या त्रिपाठी ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया।
लीफलेट निर्माण प्रतियोगिता में मेघा परवीन-पलक, आन्या रावत और हिमानी चौधरी क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहीं।
वहीं पोस्टर प्रस्तुति में गुंगुन गुप्ता, अब्दुल्लाह रहमानी-यमन कमली और गेखु मिमी ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल किया।
आर्या कुमारी पांडेय और रिशिता कुमारी को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। संस्थान की ओर से सभी विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
विद्यार्थियों में मजबूत हुई सामाजिक जिम्मेदारी की भावना
दो दिवसीय आयोजन में विद्यार्थियों और फैकल्टी सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रमों के माध्यम से जहां विद्यार्थियों को फार्माकोविजिलेंस और दवा सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों को समझने का अवसर मिला, वहीं विश्व फार्मासिस्ट दिवस के दौरान नशा मुक्ति जैसे सामाजिक मुद्दे पर रचनात्मक तरीके से जागरूकता फैलाने का मंच मिला।
लॉयड इंस्टीट्यूट की ओर से भविष्य में भी स्वास्थ्य जागरूकता, सामाजिक उत्तरदायित्व और फार्मेसी शिक्षा से जुड़े ऐसे कार्यक्रम जारी रखने की बात कही गई।


.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }