BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

संगठन सृजन अभियान: बिसरख और दादरी में कांग्रेस की संयुक्त बैठकें, कार्यकर्ताओं से हुई रायशुमारी


 मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ गौतमबुद्धनगर
 उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन सृजन अभियान के तहत गौतमबुद्ध नगर में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से बिसरख ब्लॉक तथा दादरी नगर एवं ब्लॉक क्षेत्र में संयुक्त संगठनात्मक बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में संगठन के पुनर्गठन, बूथ एवं ब्लॉक स्तर पर संगठन को सक्रिय बनाने और आगामी संगठनात्मक जिम्मेदारियों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से विस्तारपूर्वक रायशुमारी की गई।
बिसरख ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय, सादुल्लापुर में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बिसरख के अध्यक्ष विजय नागर के नेतृत्व में बैठक आयोजित हुई। वहीं दादरी रेलवे रोड स्थित बालाजी फार्म पर नगर कांग्रेस कमेटी दादरी एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दादरी की संयुक्त बैठक हुई, जिसका आयोजन ब्लॉक अध्यक्ष तीरथराम वाल्मीकि एवं नगर कांग्रेस अध्यक्ष धर्मवीर सिंह ने किया।
बैठकों में संगठन सृजन अभियान के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक एवं आंध्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व विधायक शेख मस्तान वली प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। दोनों बैठकों की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर के अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने की।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ, ग्राम, वार्ड और ब्लॉक स्तर तक मजबूत करने के संबंध में सुझाव लिए गए। कार्यकर्ताओं ने सक्रिय कार्यकर्ताओं की भूमिका, स्थानीय मुद्दों और संगठन को जमीनी स्तर पर अधिक प्रभावी बनाने को लेकर अपनी राय पर्यवेक्षक के समक्ष रखी।
कांग्रेस पर्यवेक्षक शेख मस्तान वली ने कहा कि संगठन सृजन अभियान कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा और दिशा देने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की मजबूती उसके जमीनी कार्यकर्ताओं से होती है और बूथ स्तर पर सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ताओं को संगठन में उचित जिम्मेदारी देना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि संगठन में जिम्मेदारी देने का उद्देश्य केवल पदों का वितरण नहीं, बल्कि ऐसे समर्पित और संघर्षशील कार्यकर्ताओं को आगे लाना है, जो जनता के बीच सक्रिय रहकर कांग्रेस की विचारधारा एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठा सकें।
कार्यकर्ताओं की राय को बताया लोकतांत्रिक प्रक्रिया की अहम कड़ी
शेख मस्तान वली ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास संघर्ष और जनसेवा से जुड़ा रहा है। वर्तमान में संगठन को गांव, वार्ड, बूथ और ब्लॉक स्तर तक मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेदों को पीछे छोड़कर एकजुटता के साथ संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि संगठन सृजन अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं से की जा रही रायशुमारी लोकतांत्रिक प्रक्रिया की महत्वपूर्ण कड़ी है। जमीनी कार्यकर्ताओं की आवाज को संगठनात्मक निर्णयों में उचित स्थान देना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
गौतमबुद्ध नगर में संगठन को हर स्तर पर सक्रिय करने की तैयारी
जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर में संगठन सृजन अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है। बिसरख और दादरी में आयोजित बैठकों में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने अपनी बात रखी और संगठन को मजबूत करने के लिए सुझाव दिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का वास्तविक आधार उसका कार्यकर्ता है। संगठन सृजन अभियान के माध्यम से ऐसे कार्यकर्ताओं को आगे लाने का प्रयास किया जा रहा है, जो लंबे समय से जनता के बीच रहकर पार्टी के लिए काम कर रहे हैं।
दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर में कांग्रेस संगठन को जिला, बूथ, ग्राम, वार्ड, ब्लॉक एवं नगर स्तर तक मजबूत और सक्रिय किया जाएगा। किसानों, युवाओं, महिलाओं, मजदूरों, व्यापारियों और आम नागरिकों से जुड़े स्थानीय मुद्दों को लेकर पार्टी कार्यकर्ता जनता के बीच सक्रिय हैं और आने वाले समय में इन मुद्दों पर संगठनात्मक गतिविधियों को और व्यापक किया जाएगा।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
बैठकों में पूर्व मंत्री सतीश शर्मा, विजय नागर, रन सिंह प्रधान, सरजीत सिंह, तीरथराम वाल्मीकि, धर्मवीर प्रधान, भगवती शर्मा, दुष्यंत नागर, किशन शर्मा, अशोक पंडित, गौतम अवाना, दिनेश अवाना, राधा रानी, वसील अहमद, मुकेश शर्मा, निशा शर्मा, महकार तंवर, नीरज लोहिया, धर्म सिंह, पुनीत मावी, मेहरबान मलिक, नीतीश चौधरी, विपिन त्यागी, गीता देवी, नदीम प्रधान सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेता, AICC एवं PCC सदस्य, जिला एवं ब्लॉक पदाधिकारी, नगर कांग्रेस पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के समापन पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संगठन सृजन अभियान को सफल बनाने और कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।


.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }