BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

माँ पन्नाधाय की जाति को लेकर गुर्जर महासभा ने जताया विरोध, प्रधानमंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन




भारत के नारी रत्न’ पुस्तक में पन्नाधाय जी को ‘खीची राजपूत’ दर्शाने पर गुर्जर समाज में रोष


 Vision Live / ग्रेटर नोएडा

माँ पन्नाधाय की जातीय पहचान को लेकर अखिल भारतीय गुर्जर महासभा 1908, गौतम बुद्ध नगर ने विरोध जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम जिला कलेक्टर, गौतम बुद्ध नगर को ज्ञापन सौंपा। महासभा ने केंद्र सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा प्रकाशित पुस्तक ‘भारत के नारी रत्न’ में माँ पन्नाधाय की जाति को ‘खीची राजपूत’ दर्शाए जाने पर आपत्ति दर्ज कराते हुए इसे ऐतिहासिक तथ्यों में बदलाव बताया।


अखिल भारतीय गुर्जर महासभा 1908 के जिला अध्यक्ष पंचशील गुर्जर ने बताया कि सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा प्रकाशित ‘भारत के नारी रत्न’ पुस्तक के वर्ष 2022 के संस्करण के पृष्ठ संख्या 8 पर राजस्थान की महान त्याग और बलिदान की प्रतीक माँ पन्नाधाय की जाति ‘खीची राजपूत’ दर्शाई गई है। महासभा का आरोप है कि इससे गुर्जर समाज की भावनाएं आहत हुई हैं और समाज में रोष व्याप्त है।


महासभा पदाधिकारियों का कहना है कि राजस्थान में पाण्डोली, चित्तौड़गढ़ पैनोरमा, कैमरी, राजसमंद पैनोरमा तथा गोवर्धन विलास, उदयपुर सहित विभिन्न स्थानों पर उपलब्ध पैनोरमा, पार्क एवं प्रतिमाओं से संबंधित विवरणों में माँ पन्नाधाय की पहचान गुर्जर समाज से जुड़ी हुई बताई गई है। महासभा ने मांग की कि इस विषय में उपलब्ध ऐतिहासिक एवं आधिकारिक अभिलेखों की जांच कर वास्तविक तथ्यों को सामने लाया जाए।


प्रदेश संगठन महामंत्री के नेतृत्व में सौंपा ज्ञापन


इसी मुद्दे को लेकर अखिल भारतीय गुर्जर महासभा 1908 के प्रदेश संगठन महामंत्री अमरजीत चौधरी के नेतृत्व में गुर्जर समाज के प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम गौतम बुद्ध नगर के कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।


ज्ञापन के माध्यम से महासभा ने संबंधित पुस्तक में प्रकाशित विवरण की समीक्षा कराने, ऐतिहासिक तथ्यों की जांच करने तथा यदि प्रकाशन में तथ्यात्मक त्रुटि पाई जाती है तो उसे संशोधित करने की मांग की।


बड़ी संख्या में पदाधिकारी रहे मौजूद


ज्ञापन देने वाले प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश महामंत्री चैनपाल प्रधान, प्रदेश उपाध्यक्ष संजय भैया, देवेंद्र कसाना, प्रदेश कोषाध्यक्ष रवि तोंगड़, जिला प्रभारी बबलू गुर्जर, क्षेत्रीय महामंत्री अरविंद भाटी, नोएडा महानगर अध्यक्ष सुशील अवाना, डॉ. राकेश चपराना, रतिपाल नागर, सचिन तोंगड़, महेश भाटी, विकास गुर्जर और सोनू गुर्जर सहित महासभा के अनेक पदाधिकारी एवं समाज के प्रतिनिधि मौजूद रहे।


ऐतिहासिक विरासत के सम्मान की मांग


अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि माँ पन्नाधाय का जीवन त्याग, बलिदान और राष्ट्रभक्ति की अद्वितीय मिसाल है। महासभा का कहना है कि उनके इतिहास और सामाजिक पहचान से जुड़े किसी भी तथ्य को प्रमाणित स्रोतों के आधार पर ही प्रस्तुत किया जाना चाहिए।


महासभा ने केंद्र सरकार से पूरे मामले का संज्ञान लेकर संबंधित प्रकाशन की तथ्यात्मक समीक्षा कराने और आवश्यक सुधार किए जाने की मांग की है। पदाधिकारियों ने कहा कि समाज अपनी ऐतिहासिक विरासत और महापुरुषों एवं वीरांगनाओं के सम्मान से जुड़े विषयों पर लगातार आवाज उठाता रहेगा।



.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }