BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

IBA की पहल रंग लाई, एसीईओ सुमित यादव ने इकोटेक-3 का किया जमीनी निरीक्षण

स्पेशल स्टोरी:--कूड़ा, जलभराव, सड़क और ड्रेनेज की समस्याओं पर सख्त रुख, अधिकारियों को दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश
रिपोर्ट: मौहम्मद इल्यास "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा 
ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों की आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) की पहल एक बार फिर असरदार साबित होती दिखाई दी। IBA के लगातार प्रयासों के बाद ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) सुमित यादव ने सोमवार को प्राधिकरण के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ इकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान IBA के अध्यक्ष अमित उपाध्याय ने औद्योगिक क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण, जलभराव, ड्रेनेज, सीवरेज, सड़क और हॉर्टिकल्चर से जुड़ी समस्याओं को अधिकारियों के सामने विस्तार से रखा। उन्होंने कहा कि बेहतर औद्योगिक वातावरण के लिए इन समस्याओं का समयबद्ध समाधान आवश्यक है।
एसीईओ ने दिए सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान एसीईओ सुमित यादव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि औद्योगिक क्षेत्र में पड़े कूड़े के ढेर तत्काल हटाए जाएं, नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और मानसून को देखते हुए सभी ड्रेनों की युद्धस्तर पर सफाई कराई जाए। सड़क किनारे उगी झाड़ियों की कटाई तथा जल निकासी की व्यवस्था को भी प्राथमिकता से दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़कों के गड्ढों को तत्काल गिट्टी भरकर रोलर से समतल कराने, सड़क चौड़ीकरण का कार्य गुणवत्ता के साथ पूरा करने तथा निर्माणाधीन आरसीसी ड्रेन का काम तेजी से पूरा करने के भी निर्देश दिए।
जल निकासी व्यवस्था पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान बड़े नाले से जुड़ रही निर्माणाधीन कलवर्ट और जल निकासी प्रणाली का भी जायजा लिया गया। एसीईओ ने कहा कि मानसून के दौरान जलभराव की समस्या किसी भी स्थिति में नहीं होनी चाहिए और ड्रेनेज व्यवस्था पूरी तरह कार्यशील रखी जाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ड्रेनेज, गार्बेज, सीवरेज, सड़क और हॉर्टिकल्चर जैसी मूलभूत समस्याओं के कारण किसी भी उद्यमी को परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
IBA का उद्देश्य केवल शिकायत नहीं, समाधान भी
IBA अध्यक्ष अमित उपाध्याय ने कहा कि संस्था केवल समस्याओं को उठाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके स्थायी समाधान के लिए भी लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि IBA का लक्ष्य ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त औद्योगिक हब के रूप में विकसित करना है।
उन्होंने कहा कि उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने के लिए बेहतर सड़क, सफाई, ड्रेनेज और हरित वातावरण जैसी मूलभूत सुविधाएं अत्यंत आवश्यक हैं। इसी उद्देश्य से संस्था शासन, प्रशासन और प्राधिकरण के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है।
प्राधिकरण के अधिकारियों का जताया आभार
अमित उपाध्याय ने औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं का संज्ञान लेकर उनके समाधान के लिए टीम गठित करने पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी रवि कुमार एन.जी. का आभार व्यक्त किया। साथ ही मौके पर पहुंचकर स्वयं निरीक्षण करने और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने के लिए अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुमित यादव का भी धन्यवाद दिया।
ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान प्राधिकरण के स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक चेतराम सिंह, प्रोजेक्ट विभाग के मैनेजर प्रशांत समाधिया, संविदा सुपरवाइजर जितेंद्र कुमार, प्रमोद कुमार, अनिल कुमार, धनेश भाटी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) के पदाधिकारी और सदस्य भी निरीक्षण में शामिल हुए।
औद्योगिक विकास को मिलेगी रफ्तार
इकोटेक-3 ग्रेटर नोएडा का प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र है, जहां बड़ी संख्या में औद्योगिक इकाइयां संचालित हैं। ऐसे में यदि निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का समयबद्ध पालन होता है, तो क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं में सुधार होगा और उद्योगों के संचालन में आने वाली समस्याएं काफी हद तक कम हो सकेंगी। IBA की इस पहल को औद्योगिक क्षेत्र के विकास और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }