BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

IBA की पहल रंग लाई: उद्योग विहार एक्सटेंशन, इकोटेक-2 में डोर-टू-डोर गार्बेज कलेक्शन शुरू, पांच दिन में सफाई व ड्रेनेज सुधार का भरोसा


  मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा
इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), गौतम बुद्ध नगर की पहल पर उद्योग विहार एक्सटेंशन, इकोटेक-2 औद्योगिक क्षेत्र की वर्षों पुरानी मूलभूत समस्याओं के समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GNIDA) ने क्षेत्र में डोर-टू-डोर गार्बेज कलेक्शन व्यवस्था का औपचारिक शुभारंभ करते हुए सफाई, ड्रेनेज और आधारभूत सुविधाओं के व्यापक सुधार की कार्ययोजना पर अमल शुरू कर दिया है।
IBA द्वारा क्षेत्र में व्याप्त सफाई, जल निकासी, अतिक्रमण एवं अन्य नागरिक सुविधाओं की समस्याओं को लेकर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीमती श्रीलक्ष्मी बी. एस. को विस्तृत पत्र भेजा गया था। मामले का त्वरित संज्ञान लेते हुए उन्होंने संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देशों के क्रम में सोमवार, 20 जुलाई को एजीएम आर. डी. पांडे के नेतृत्व में प्राधिकरण की संयुक्त टीम ने क्षेत्र का निरीक्षण किया। इसके बाद मंगलवार को वरिष्ठ प्रबंधक (स्वास्थ्य) चेतराम सिंह, एजीएम आर. डी. पांडे, प्रबंधक रोहित गुप्ता एवं अन्य विभागीय अधिकारियों ने IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय और प्रतिनिधिमंडल के साथ उद्योग विहार एक्सटेंशन, इकोटेक-2 का विस्तृत निरीक्षण कर समस्याओं के समाधान हेतु कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया।
निरीक्षण के दौरान प्राधिकरण एवं IBA के प्रतिनिधियों ने सड़क, ड्रेनेज, स्वच्छता, अतिक्रमण, हरित विकास, स्ट्रीट लाइट तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया और इनके शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर सहमति व्यक्त की।
इस अवसर पर इकोटेक-3 के बाद अब उद्योग विहार एक्सटेंशन, इकोटेक-2 में भी डोर-टू-डोर गार्बेज कलेक्शन सेवा का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस पहल का क्षेत्र के उद्यमियों ने स्वागत करते हुए इसे औद्योगिक क्षेत्र की स्वच्छता और सुव्यवस्थित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
वरिष्ठ प्रबंधक (स्वास्थ्य) चेतराम सिंह ने बताया कि आगामी पांच दिनों के भीतर क्षेत्र में वर्षों से लंबित सफाई, कूड़ा निस्तारण, ड्रेनेज सुधार एवं स्वच्छता संबंधी कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएंगे। इसके साथ ही वर्क सर्किल द्वारा सड़क एवं अतिक्रमण हटाने, हॉर्टिकल्चर विभाग द्वारा पौधारोपण एवं हरित विकास तथा विद्युत विभाग द्वारा स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को सुदृढ़ करने का कार्य भी तेज गति से किया जाएगा।
प्राधिकरण के अधिकारियों ने यह भी आश्वस्त किया कि उद्योग विहार एक्सटेंशन में चरणबद्ध तरीके से श्रमिक सुविधा केंद्र, सार्वजनिक शौचालय, हरित पट्टी, सीसीटीवी कैमरे एवं अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे यह क्षेत्र एक आदर्श औद्योगिक क्षेत्र के रूप में स्थापित हो सके।
IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के प्रति जिस संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय दिया है, वह सराहनीय है। उन्होंने मुख्य कार्यपालक अधिकारी रवि कुमार एन. जी. तथा अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीमती श्रीलक्ष्मी बी. एस. के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए विश्वास जताया कि शीघ्र ही उद्योग विहार एक्सटेंशन सहित सभी औद्योगिक क्षेत्रों का व्यापक कायाकल्प होगा।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी रवि कुमार एन. जी. ने कहा कि प्राधिकरण का लक्ष्य प्रत्येक औद्योगिक एवं आवासीय क्षेत्र को स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाना है। उन्होंने बताया कि इकोटेक-1, इकोटेक-2, इकोटेक-6, इकोटेक-11, उद्योग विहार, सेक्टर-130 सहित अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में भी चरणबद्ध तरीके से डोर-टू-डोर गार्बेज कलेक्शन एवं आवश्यक विकास कार्य शुरू किए जाएंगे।
वहीं अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीमती श्रीलक्ष्मी बी. एस. ने कहा कि प्राधिकरण उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और सभी विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से विकास कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
IBA ने मुख्य कार्यपालक अधिकारी रवि कुमार एन. जी., अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीमती श्रीलक्ष्मी बी. एस., एजीएम आर. डी. पांडे, वरिष्ठ प्रबंधक चेतराम सिंह, प्रबंधक रोहित गुप्ता तथा प्राधिकरण की समस्त विभागीय टीम का उद्यमी हित में त्वरित एवं सकारात्मक कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया।
IBA ने विश्वास जताया कि प्राधिकरण के सक्रिय नेतृत्व और विभागीय समन्वय से निकट भविष्य में ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों में स्वच्छता, ड्रेनेज, हरित विकास और आधारभूत संरचना का व्यापक सुधार होगा, जिससे ग्रेटर नोएडा देश के सबसे सुव्यवस्थित औद्योगिक नगरों में अपनी पहचान और मजबूत करेगा।


.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }