BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

गौतमबुद्धनगर के सभी कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा जांच की मांग, अभाविप ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन


लखनऊ अग्निकांड के बाद सुरक्षा मानकों की समीक्षा और वैधानिक जांच कराने की उठाई मांग

   मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा

लखनऊ के अलीगंज स्थित एक कोचिंग संस्थान में हुई भीषण अग्निकांड की घटना के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की ग्रेटर नोएडा इकाई ने जनपद गौतम बुद्ध नगर के सभी कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था एवं वैधानिक मानकों की व्यापक जांच कराने की मांग उठाई है। इस संबंध में परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को जिलाधिकारी गौतम बुद्ध नगर को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में कहा गया कि गौतम बुद्ध नगर देश के प्रमुख शैक्षणिक केंद्रों में शामिल है, जहां प्रतिदिन हजारों विद्यार्थी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग संस्थानों में अध्ययन करते हैं। ऐसे में विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। परिषद ने प्रशासन से जनपद के सभी कोचिंग संस्थानों में विशेष अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्थाओं की निष्पक्ष और व्यापक जांच कराने की मांग की।

अभाविप ने मांग की कि प्रत्येक कोचिंग संस्थान में अग्निशमन व्यवस्था, भवन की संरचनात्मक सुरक्षा, विद्युत सुरक्षा, वैध अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी), आपातकालीन निकास (इमरजेंसी एग्जिट), फायर अलार्म, स्मोक डिटेक्टर, सीसीटीवी कैमरे, डिजास्टर मैनेजमेंट प्रशिक्षण सहित सभी अनिवार्य सुरक्षा मानकों का परीक्षण कराया जाए। साथ ही जिन संस्थानों में सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाए, उनके विरुद्ध तत्काल प्रभाव से कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाए।

अभाविप मेरठ प्रांत के प्रांत मंत्री गौरव गौड़ ने कहा कि लखनऊ की घटना पूरे देश के शैक्षणिक संस्थानों के लिए एक गंभीर चेतावनी है। ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए समय रहते प्रभावी कदम उठाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता और प्रशासन को नियमित निरीक्षण तथा सख्त निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।

परिषद ने प्रशासन से यह भी मांग की कि कोचिंग संस्थानों की समय-समय पर सुरक्षा ऑडिट कराई जाए, ताकि विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बना रहे और भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

अभाविप ने विश्वास व्यक्त किया कि जिला प्रशासन इस गंभीर विषय पर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करते हुए जनपद के सभी कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करेगा।

इस अवसर पर विभाग संयोजक अमरेन्द्र सिंह, नगर मंत्री देवांश उपाध्याय, तहसील संयोजक तुषार छपराना, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य राज कुमार जादोन, आदित्य तिवारी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }