BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

शिक्षकों की समस्याओं पर बेसिक शिक्षा अधिकारी से मिला प्राथमिक शिक्षक संघ, चयन वेतनमान और वेतन भुगतान के मुद्दे उठाए

Special Story:--शिक्षकों की समस्याओं पर बेसिक शिक्षा अधिकारी से मिला प्राथमिक शिक्षक संघ, चयन वेतनमान और वेतन भुगतान के मुद्दे उठाए
  मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी" / ग्रेटर नोएडा
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, गौतम बुद्ध नगर के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को जिलाध्यक्ष विनोद नागर एवं नरेश कौशिक (राष्ट्रीय काउंसलर, AIPTF, प्रांतीय ऑडिटर एवं जिलामंत्री) के नेतृत्व में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार से मुलाकात कर जनपद के शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
संघ ने बताया कि जनपद के अनेक शिक्षकों का चयन वेतनमान अभी तक स्वीकृत नहीं हो पाया है। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि संबंधित अभिलेखों एवं तकनीकी त्रुटियों का शीघ्र निस्तारण कर सभी पात्र शिक्षकों का चयन वेतनमान तत्काल लागू कराया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक नुकसान न उठाना पड़े।
बैठक में यह मुद्दा भी उठाया गया कि जिन विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों द्वारा किसी कारणवश पिछले माह की ऑनलाइन उपस्थिति (Attendance) लॉक नहीं हो सकी, उन विद्यालयों की उपस्थिति स्वीकार करते हुए शिक्षकों का वेतन जारी किया जाए। संघ का कहना था कि तकनीकी या प्रशासनिक कारणों से उपस्थिति लॉक न हो पाने का खामियाजा शिक्षकों को नहीं भुगतना चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी सुझाव दिया कि जनपद की सभी ब्लॉक रिसोर्स सेंटर (BRC) पर कार्यरत वेतन सहायकों को निर्देशित किया जाए कि यदि किसी विद्यालय की उपस्थिति अंतिम तिथि तक लॉक नहीं हो पाती है तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित ब्लॉक के आधिकारिक समूह में साझा की जाए, ताकि विद्यालय समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर सकें और भविष्य में वेतन संबंधी समस्याएं उत्पन्न न हों।
बैठक के दौरान जनपद में चल रही शिक्षकों की समायोजन प्रक्रिया पर भी विस्तार से चर्चा हुई। संघ ने समायोजन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं शिक्षकों के हितों के अनुरूप संचालित करने की मांग रखी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि शिक्षकों की सभी जायज समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा तथा चयन वेतनमान, वेतन भुगतान और उपस्थिति लॉक जैसी समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर विनोद नागर (जिलाध्यक्ष), नरेश कौशिक (राष्ट्रीय काउंसलर AIPTF, प्रांतीय ऑडिटर एवं जिलामंत्री), संजीव शर्मा (ब्लॉक अध्यक्ष, दादरी) तथा दोरेंद्र राणा (ब्लॉक मंत्री, दादरी) सहित शिक्षक संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }