BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

आईआईए की मंथन संगोष्ठी में उद्योगों की समस्याओं पर मंथन, श्रम कानून, ईएसआईसी और हेल्थ सुविधाओं पर हुई अहम चर्चा


मौहम्मद इल्यास 'दनकौरी' / ग्रेटर नोएडा
 इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) ग्रेटर नोएडा चैप्टर की 34वीं "मंथन एवं ओरिएंटेशन संगोष्ठी" सोमवार को रॉयल हैबिटेट सेंटर में आयोजित हुई। संगोष्ठी में नवगठित कार्यकारिणी का परिचय कराने के साथ-साथ उद्योगों के समक्ष मौजूद चुनौतियों, श्रम कानूनों, ईएसआईसी सेवाओं, स्वास्थ्य सुविधाओं और प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय जैसे अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। कार्यक्रम में 70 से अधिक उद्यमियों और उद्योग प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता आईआईए ग्रेटर नोएडा चैप्टर के चेयरमैन सरबजीत सिंह ने की। मुख्य अतिथि अपर श्रम आयुक्त राकेश द्विवेदी तथा विशिष्ट अतिथि ईएसआईसी के बीमा आयुक्त प्रणय सिन्हा रहे। इसके अलावा जीआईएमएस एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी, गौतमबुद्ध नगर के साथ औद्योगिक स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर भी विशेष मंथन किया गया।
सरबजीत सिंह बोले- उद्योगों की समस्याओं के स्थायी समाधान पर रहेगा फोकस
अपने अध्यक्षीय संबोधन में सरबजीत सिंह ने कहा कि वर्ष 2026-27 में आईआईए ग्रेटर नोएडा चैप्टर उद्योगों की समस्याओं का समाधान, प्रशासन के साथ सकारात्मक संवाद, सदस्य सेवाओं का विस्तार तथा औद्योगिक विकास को प्राथमिकता देगा। उन्होंने कहा कि संगठन केवल समस्याएं उठाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उनके व्यावहारिक और स्थायी समाधान सुनिश्चित कराने के लिए लगातार प्रयास करेगा।
श्रम कानूनों और नई श्रम संहिताओं पर दिया गया मार्गदर्शन
मुख्य अतिथि राकेश द्विवेदी ने नई श्रम संहिताओं, श्रम विभाग की योजनाओं और औद्योगिक संबंधों पर विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान आईआईए ने उन्हें ज्ञापन सौंपकर वेतन पुनरीक्षण के बाद उद्योगों पर बढ़े आर्थिक बोझ, कुशल एवं अर्द्धकुशल श्रमिकों की कमी, श्रमिक प्रशिक्षण, औद्योगिक क्षेत्रों के निकट श्रमिक आवास, औद्योगिक शांति बनाए रखने तथा बाहरी हस्तक्षेप और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण की मांग उठाई।
ईएसआईसी सेवाओं के विस्तार की उठी मांग
ईएसआईसी के बीमा आयुक्त प्रणय सिन्हा ने कर्मचारी राज्य बीमा योजना की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, डिजिटल सेवाओं और चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी दी। आईआईए ने उन्हें सौंपे ज्ञापन में ग्रेटर नोएडा औद्योगिक क्षेत्र में ईएसआईसी अस्पताल एवं चिकित्सा सेवाओं के विस्तार, विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता और उद्योगों के साथ नियमित समन्वय स्थापित करने की मांग की।
स्वास्थ्य सुविधाओं और एमओयू पर भी चर्चा
संगोष्ठी में जीआईएमएस, मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा देवधरा हॉस्पिटल के साथ हुए एमओयू का उल्लेख करते हुए औद्योगिक क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं और कर्मचारियों के लिए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
उद्योगपतियों ने रखीं अपनी समस्याएं
ओपन हाउस सत्र के दौरान उद्यमियों ने प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याएं और सुझाव रखे।
गोविंदराम चौधरी ने अनमोल बिस्कुट्स में बाहरी तत्वों से प्रभावित श्रमिक यूनियन द्वारा कथित उत्पीड़न और औद्योगिक कार्यों में बाधा का मुद्दा उठाते हुए श्रम विभाग से प्रभावी हस्तक्षेप की मांग की।
वहीं संजय जय सिंह ने आईआईए ग्रेटर नोएडा चैप्टर में लीगल हेल्प सेल स्थापित करने का सुझाव दिया, ताकि उद्योगों को श्रम कानून, वैधानिक अनुपालन और औद्योगिक विवादों में विशेषज्ञ कानूनी सहायता मिल सके। इस प्रस्ताव का उद्यमियों ने स्वागत किया।
आईआईए की नई कार्ययोजना का हुआ ऐलान
संगोष्ठी में वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना भी प्रस्तुत की गई। इसके तहत श्रम कानून जागरूकता कार्यक्रम, ईएसआईसी एवं स्वास्थ्य शिविर, उद्योग सुरक्षा एवं अग्निशमन प्रशिक्षण, लीगल एक्सपर्ट सर्विस, बैंकिंग एवं वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम, ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा, युवा उद्यमी विकास कार्यक्रम तथा नियमित "मंथन" संगोष्ठियों के आयोजन का संकल्प लिया गया।
70 से अधिक उद्यमियों की रही सहभागिता
कार्यक्रम में आईआईए के केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य विशारद गौतम, डिवीजनल चेयरमैन राकेश बंसल, नोएडा चैप्टर के चेयरमैन नवीन गुप्ता, जे.एस. राणा, विपिन महाना, राजीव सूद सहित 70 से अधिक उद्योगपति और उद्यमी शामिल हुए। कार्यक्रम के सफल आयोजन में आईडीएफसी फर्स्ट बैंक और एस्ट्रो एंटरप्राइजेज (अधिकृत टाटा सोलर एजेंसी) ने सहयोग दिया।
कार्यक्रम के अंत में आईआईए के मानद सचिव हिमांशु पाण्डेय ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, प्रायोजकों और उद्यमियों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के बाद चैप्टर चेयरमैन सरबजीत सिंह ने नवगठित कार्यकारिणी के साथ केक काटकर वर्ष 2026-27 के नए कार्यकाल का शुभारंभ किया। इसके बाद सभी उद्यमियों ने चाय एवं अल्पाहार के साथ आपसी संवाद कर औद्योगिक विकास और संगठन की भावी रणनीति पर विचार-विमर्श किया।
.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }