BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

दादरी की राजनीति में बढ़ी हलचल: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी व पश्चिम क्षेत्र अध्यक्ष नवाब सिंह नागर से मिले पूर्व बार अध्यक्ष राजकुमार नागर, चुनावी चर्चाएं तेज


मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा / लखनऊ
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 भले ही अभी कुछ समय दूर हों, लेकिन गौतम बुद्ध नगर जनपद की दादरी विधानसभा सीट पर राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज होती जा रही हैं। भारतीय जनता पार्टी में संभावित टिकट दावेदारों की सक्रियता बढ़ने के साथ ही राजनीतिक समीकरण भी तेजी से बदलते दिखाई दे रहे हैं। इसी क्रम में दादरी बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता राजकुमार नागर की भाजपा के शीर्ष नेताओं से लगातार हुई मुलाकातों ने राजनीतिक हलकों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के लखनऊ स्थित आवास पर वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पूर्व बार अध्यक्ष राजकुमार नागर ने प्रसिद्ध लोकगायक ब्रह्मपाल नागर के साथ शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दादरी विधानसभा क्षेत्र की जनसमस्याओं, अधिवक्ताओं के हितों, कानून व्यवस्था, शिक्षा, रोजगार, बुनियादी सुविधाओं तथा क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। क्षेत्र के विकास को गति देने और संगठन को मजबूत बनाने को लेकर भी सकारात्मक विचार-विमर्श किया गया।
इसके अलावा राजकुमार नागर ने भाजपा के पश्चिम उत्तर प्रदेश क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह से भी महत्वपूर्ण मुलाकात की। सूत्रों के अनुसार उन्होंने भाजपा के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं से भी अलग-अलग स्तर पर मुलाकात कर दादरी विधानसभा की राजनीतिक परिस्थितियों, संगठनात्मक गतिविधियों तथा क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। लगातार हो रही इन मुलाकातों को दादरी विधानसभा में उनकी बढ़ती राजनीतिक सक्रियता के रूप में देखा जा रहा है।
इन मुलाकातों के बाद दादरी विधानसभा की राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। राजनीतिक गलियारों में यह कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या भारतीय जनता पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में राजकुमार नागर को दादरी विधानसभा से उम्मीदवार बना सकती है। हालांकि भाजपा की ओर से अभी तक किसी भी संभावित उम्मीदवार के नाम को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। इसलिए टिकट को लेकर चल रही सभी चर्चाएं फिलहाल राजनीतिक अटकलों तक ही सीमित हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अधिवक्ताओं के बीच मजबूत पहचान, लंबे समय से सामाजिक और सार्वजनिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका तथा क्षेत्र के लोगों के साथ निरंतर संपर्क के कारण राजकुमार नागर ने स्वयं को संभावित दावेदारों की सूची में मजबूती से स्थापित किया है। हाल के दिनों में उनकी संगठनात्मक सक्रियता और वरिष्ठ नेताओं से लगातार मुलाकातों ने भी उनके नाम को राजनीतिक चर्चा के केंद्र में ला दिया है।
दादरी विधानसभा सीट पर भाजपा से टिकट पाने के इच्छुक नेताओं की सूची लगातार लंबी होती जा रही है। अब तक वरिष्ठ अधिवक्ता सुशील भाटी, प्रणीत भाटी, आशीष भाटी एडवोकेट, निर्मल तंवर भाटी और कुशल सिंह जैसे नाम चर्चा में रहे हैं। अब पूर्व अध्यक्ष, दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन गौतम बुद्ध नगर राजकुमार नागर की सक्रियता ने इस सूची को और अधिक रोचक बना दिया है।
दादरी विधानसभा गौतम बुद्ध नगर जनपद की सबसे महत्वपूर्ण और प्रतिष्ठित राजनीतिक सीटों में से एक मानी जाती है। पिछले दो विधानसभा चुनावों में यहां भारतीय जनता पार्टी को सफलता मिली है। ऐसे में 2027 के चुनाव को लेकर पार्टी संगठन उम्मीदवार चयन में सामाजिक समीकरण, संगठनात्मक सक्रियता, जनस्वीकार्यता और जीत की संभावना जैसे कई पहलुओं पर गंभीरता से विचार करेगा।
फिलहाल भाजपा ने दादरी विधानसभा सीट पर किसी भी उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं की है। ऐसे में टिकट को लेकर सामने आ रहे सभी नाम केवल संभावित दावेदारों के रूप में देखे जा रहे हैं। अंतिम निर्णय पार्टी का केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व करेगा। आने वाले समय में दादरी विधानसभा की राजनीति और भी दिलचस्प होने की संभावना है तथा सभी की निगाहें भाजपा के अंतिम फैसले पर टिकी रहेंगी।
.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }