BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और आरडब्ल्यूए मिलकर हल करेंगे सेक्टरों की समस्याएं, नियमित बैठकों का शेड्यूल जारी

सीईओ एनजी रवि कुमार की पहल पर नई व्यवस्था लागू, फेडरेशन, नेफोवा और नेफोमा के साथ पहली बैठक; सड़क, सफाई, स्ट्रीट लाइट, ड्रेनेज और ट्रैफिक जाम जैसे मुद्दों पर बनी कार्ययोजना
 मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी" / ग्रेटर नोएडा
ग्रेटर नोएडा के आवासीय सेक्टरों में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने और स्थानीय समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने एक नई पहल शुरू की है। अब प्राधिकरण के अधिकारी और विभिन्न रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) के प्रतिनिधि नियमित रूप से बैठक कर सेक्टरों की समस्याओं की समीक्षा करेंगे तथा उनके समाधान के लिए संयुक्त कार्ययोजना तैयार करेंगे।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस की ओर से प्रधान महाप्रबंधक संदीप चंद्रा की अध्यक्षता में अधिकारियों की टीम गठित कर बैठकों का विस्तृत शेड्यूल जारी कर दिया गया है। इस पहल का उद्देश्य नागरिकों और प्राधिकरण के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना तथा शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करना है।
फेडरेशन, नेफोवा और नेफोमा के साथ हुई पहली बैठक
शनिवार को इस श्रृंखला की पहली बैठक दो चरणों में आयोजित की गई। पहले चरण में फेडरेशन ऑफ आरडब्ल्यूए के प्रतिनिधियों के साथ तथा दूसरे चरण में नेफोवा (NEFOWA) और नेफोमा (NEFOMA) के पदाधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक की अध्यक्षता प्रधान महाप्रबंधक संदीप चंद्रा ने की। इस दौरान महाप्रबंधक ए.के. सिंह, उप महाप्रबंधक विजय कुमार रावल, सभी वर्क सर्किल के वरिष्ठ प्रबंधक तथा उद्यान, जल-सीवर और विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
इन समस्याओं पर हुई विस्तृत चर्चा
बैठक में सेक्टरवासियों ने सड़क, सफाई और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण समस्याएं उठाईं। इनमें प्रमुख रूप से—
सेक्टरों में नियमित कूड़ा सफाई की व्यवस्था
नालियों एवं ड्रेनेज सिस्टम की सफाई
खराब स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र दुरुस्त कराना
क्षतिग्रस्त विद्युत पोल की मरम्मत
पार्कों की साफ-सफाई एवं रखरखाव
आवारा कुत्तों की समस्या
ट्रैफिक जाम और अतिक्रमण
क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत
जैसे विषय प्रमुख रूप से शामिल रहे।
स्ट्रीट लाइट और बिजली व्यवस्था पर विशेष जोर
फेडरेशन ऑफ आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष देवेंद्र टाइगर, आलोक नागर तथा अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि कई सेक्टरों में बड़ी संख्या में स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं, जिससे रात के समय लोगों को असुविधा और सुरक्षा संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने क्षतिग्रस्त विद्युत पोलों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग भी रखी।
प्राधिकरण अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि विद्युत संबंधी सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।
डॉग फीडिंग प्वाइंट विकसित होंगे
बैठक में आवारा कुत्तों की समस्या पर भी विस्तार से चर्चा हुई। आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने निर्धारित स्थानों पर डॉग फीडिंग प्वाइंट विकसित करने का सुझाव दिया।
प्रधान महाप्रबंधक संदीप चंद्रा ने संबंधित विभाग को निर्देश दिए कि आरडब्ल्यूए और अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) के प्रतिनिधियों से सुझाव लेकर उपयुक्त स्थानों पर डॉग फीडिंग प्वाइंट विकसित किए जाएं, ताकि नागरिकों और पशुओं दोनों के हितों का संतुलन बना रहे।
काम पूरा होने पर लिए जाएंगे निवासियों के हस्ताक्षर
प्राधिकरण ने पारदर्शिता बढ़ाने के लिए नई व्यवस्था लागू करने की घोषणा की है। इसके तहत—
फॉगिंग के दौरान सेक्टर के प्रवेश द्वार पर तैनात गार्ड अथवा स्थानीय निवासियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी।
फॉगिंग कार्य पूरा होने के बाद संबंधित निवासियों से हस्ताक्षर लिए जाएंगे।
सफाई, पेड़ों की छंटाई तथा अन्य विकास कार्य पूरे होने पर भी स्थानीय निवासियों से सत्यापन कराया जाएगा।
सड़कों एवं ग्रीन बेल्ट की सफाई चरणबद्ध तरीके से कराई जाएगी।
इस व्यवस्था का उद्देश्य विकास कार्यों की गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की समस्याएं भी उठीं
नेफोवा और नेफोमा के साथ हुई बैठक में नेफोमा के अध्यक्ष अन्नू खान, उपाध्यक्ष देवेंद्र चौधरी तथा रश्मि पांडेय ने विशेष रूप से ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बढ़ते ट्रैफिक जाम, अतिक्रमण, क्षतिग्रस्त सड़कों और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
प्राधिकरण अधिकारियों ने इन सभी मुद्दों पर गंभीरता से कार्रवाई करने तथा प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।
नियमित संवाद से मजबूत होगी नागरिक सहभागिता
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का मानना है कि नियमित बैठकों के माध्यम से नागरिकों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा। इससे समस्याओं की समय पर पहचान होगी और उनके समाधान में तेजी आएगी। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक बैठक में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा कर समयबद्ध कार्रवाई की जाएगी, ताकि ग्रेटर नोएडा के सभी आवासीय सेक्टरों में नागरिक सुविधाओं को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाया जा सके।
.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }