BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

जेवर विधानसभा में भाजपा ने फूंका चुनावी बिगुल, दनकौर में बूथ सम्मेलन के जरिए कार्यकर्ताओं में भरा जोश


बूथ सशक्तिकरण पर जोर, प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी की योजनाओं को घर-घर पहुंचाने का आह्वान
मौहम्मद इल्यास-"दनकौरी"/गौतमबुद्धनगर
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने गौतमबुद्ध नगर जिले में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में मंगलवार को दनकौर मंडल में जेवर विधानसभा क्षेत्र का विशाल बूथ सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें दनकौर, जेवर, रघुपुरा और कासना मंडल के बूथ अध्यक्षों, शक्ति केंद्र संयोजकों, पार्टी पदाधिकारियों और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि पूर्व जिला अध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) सतीश शर्मा रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जेवर विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने की तथा संचालन विकास चौधरी ने किया।
बूथ ही चुनावी जीत की सबसे मजबूत कड़ी : सतीश शर्मा
मुख्य अतिथि एमएलसी सतीश शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत संगठन और बूथ स्तर तक सक्रिय कार्यकर्ता है। उन्होंने सभी बूथ अध्यक्षों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने बूथों को और अधिक मजबूत करें तथा केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को प्रत्येक परिवार तक पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी निष्ठा, समर्पण और अनुशासन के साथ मैदान में उतरना होगा। "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" के मंत्र को लेकर भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच जाएं और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं।
विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं : धीरेंद्र सिंह
जेवर विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष द्वारा प्रधानमंत्री के आवास के बाहर किए गए धरना-प्रदर्शन को देश की जनता देख रही है और आने वाले चुनाव में जनता इसका लोकतांत्रिक जवाब देगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास जनता के बीच जाने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है।
धीरेंद्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जेवर विधानसभा का तेजी से विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र को नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, राजकीय डिग्री कॉलेज जैसी महत्वपूर्ण सौगातें मिली हैं। आने वाले समय में राजकीय अस्पताल, ईएसआई अस्पताल, स्टेडियम तथा फिल्म सिटी जैसी परियोजनाएं भी क्षेत्र के विकास को नई दिशा देंगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाकर भाजपा को फिर से मजबूत जनादेश दिलाने का संकल्प लें।
संगठनात्मक मजबूती पर रहा विशेष फोकस
सम्मेलन में बूथ प्रबंधन, संगठन विस्तार, मतदाता संपर्क अभियान, लाभार्थी संवाद और आगामी चुनावी रणनीति जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई। पार्टी नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ पर सक्रिय रहकर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।
ये नेता और पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला महामंत्री वीरेंद्र भाटी, धर्मेंद्र भाटी, चंद्रमणि भारद्वाज, गजेंद्र वाल्मीकि, संजीव शर्मा, सुनील सिंह, दिनेश भाटी, सत्येंद्र नागर, अशोक शर्मा, अखिलेश नागर, अमित नागर, हरीश शर्मा, सोनू वर्मा, राजेंद्र भाटी, हरिदत्त शर्मा, संजय शर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
चुनावी संदेश स्पष्ट
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस बूथ सम्मेलन के माध्यम से भाजपा ने स्पष्ट संकेत दिया है कि वह जेवर विधानसभा में चुनावी तैयारियों को बूथ स्तर से मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। पार्टी संगठन अब प्रत्येक बूथ को मजबूत कर आगामी चुनाव में जीत सुनिश्चित करने की दिशा में सक्रिय नजर आ रहा है।


.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }