BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

जंतर-मंतर लाठीचार्ज के विरोध में गौतमबुद्ध नगर कांग्रेस का कैंडल मार्च, अमित शाह के इस्तीफे की मांग

मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा वेस्ट
 नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान कथित लाठीचार्ज के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर ने शनिवार को ग्रेटर नोएडा वेस्ट (नोएडा एक्सटेंशन) में जिला अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला के नेतृत्व में कैंडल मार्च निकाला। मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने छात्रों के प्रति एकजुटता जताते हुए शिक्षा व्यवस्था में सुधार और केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
कैंडल मार्च में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, युवाओं, छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय नागरिकों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर लोकतांत्रिक अधिकारों, शिक्षा व्यवस्था और छात्रों के सम्मान की रक्षा का संकल्प लिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने "छात्रों पर अत्याचार बंद करो", "शिक्षा बचाओ-देश बचाओ", "तानाशाही नहीं चलेगी" तथा "अमित शाह इस्तीफा दो" जैसे नारे लगाए।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने आरोप लगाया कि देश में NEET सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं ने छात्रों के भविष्य को संकट में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि जब छात्र अपने अधिकारों और भविष्य की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करते हैं, तो उनके साथ बल प्रयोग किया जाता है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।
उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता लगातार कमजोर हो रही है और लाखों छात्र एवं उनके परिवार इससे प्रभावित हो रहे हैं। उनके अनुसार शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की आवश्यकता है।
दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद अब गृह मंत्री अमित शाह को भी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से छात्रों से माफी मांगने की भी मांग की।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विरोध की आवाजों को दबाने का प्रयास कर रही है और लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों, युवाओं और उनके अभिभावकों के साथ खड़ी है तथा शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और छात्रों को न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।
कैंडल मार्च में मुकेश शर्मा, निशा शर्मा, गौतम अवाना, महाराज सिंह नागर, हरेन्द्र शर्मा, दुष्यंत नागर, सतीश शर्मा, नीरज लोहिया, अरविन्द रेक्सवाल, विजय नागर, महकार सिंह, कैलाश बंसल, जतन सिन्हा, धर्म सिंह, सचिन शर्मा, सुबोध भट्ट, बिन्नू भाटी, गौतम सिंह, संजय बी. भाटी, रमा नैय्यर, रमेश यादव, रमेश जीनवाल, रूपेश भाटी, राज सिंह, विमल राजवंशी, मेहर बाल्मीकि, ओमकार राणा, मनोज गौतम, गजन प्रधान, नरेश शर्मा, असगर अली, अमित कुमार, दयानन्द नागर, प्रिंस भाटी, अमित बरहेला, रमेश प्रजापति, राजन, धारा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }