BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

ग्रेटर नोएडा के कोचिंग सेंटरों पर सख्ती, फायर सेफ्टी जांच शुरू; सोमवार तक सुधार नहीं तो होगी सीलिंग

रिपोर्ट: मौहम्मद इल्यास 'दनकौरी'  / ग्रेटर नोएडा 
ग्रेटर नोएडा में संचालित कोचिंग सेंटरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह सख्त हो गया है। शनिवार से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने कोचिंग संस्थानों में फायर सेफ्टी उपकरणों की जांच का विशेष अभियान शुरू कर दिया। पहले दिन अल्फा कमर्शियल बेल्ट स्थित ओम टावर के 11 कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान कुछ कोचिंग सेंटरों में अग्निशमन उपकरण निर्धारित मानकों के अनुरूप मिले, जबकि कई संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था में कमियां पाई गईं। संयुक्त टीम ने ऐसे संस्थानों को तत्काल फायर सेफ्टी मानकों के अनुरूप उपकरण स्थापित करने के निर्देश दिए और स्पष्ट चेतावनी दी कि सोमवार तक सभी कमियां दूर करनी होंगी, अन्यथा दोबारा जांच में खामी मिलने पर संबंधित कोचिंग सेंटरों को सील कर दिया जाएगा।
निरीक्षण टीम में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी मुकेश कुमार सिंह, अग्निशमन विभाग के वरिष्ठ फायर ऑफिसर विनोद पांडेय तथा प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार निम शामिल रहे।
यह कार्रवाई जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक के बाद शुरू की गई है, जिसमें सभी कोचिंग संस्थानों को 15 दिनों के भीतर फायर सेफ्टी उपकरण स्थापित करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) श्रीलक्ष्मी वी.एस. ने भी अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान चलाने के निर्देश दिए थे।
प्राधिकरण का कहना है कि छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी संस्थान में अग्निशमन संबंधी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्धारित समय सीमा के बाद नियमों का पालन न करने वाले कोचिंग सेंटरों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।


.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }