BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

ग्रेटर नोएडा में बड़ी कार्रवाई: फायर सेफ्टी में लापरवाही पर 5 कोचिंग सेंटर सील


 मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा
विद्यार्थियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले कोचिंग संस्थानों के खिलाफ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बड़ा एक्शन लिया है। फायर सेफ्टी मानकों की अनदेखी करने पर पांच कोचिंग संस्थानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। यह कार्रवाई ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
गुरुवार को संयुक्त टीम ने अल्फा कमर्शियल बेल्ट स्थित ट्रेडेक्स टावर-1 और ओम टावर में संचालित 13 कोचिंग संस्थानों का गहन निरीक्षण किया। जांच में पांच संस्थानों में आवश्यक अग्निशमन उपकरण और सुरक्षा व्यवस्था नहीं मिली। गौरतलब है कि इन संस्थानों को पहले ही दो सप्ताह का समय दिया गया था, लेकिन निर्धारित अवधि बीतने के बाद भी नियमों का पालन नहीं किया गया। इसके बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए संस्थानों को सील कर दिया।
इन 5 कोचिंग संस्थानों पर गिरी कार्रवाई की गाज
ट्यूटोरिक्स ट्यूशन सेंटर
एनविक इंफोटेक
इनकैप सेंटर
मैरिट एजुकेशन
पैंडुलम एडू क्लासेज
निरीक्षण के दौरान कुछ अन्य संस्थानों में फायर सेफ्टी उपकरण लगाने का कार्य 80 से 90 प्रतिशत तक पूरा मिला। ऐसे संस्थानों को शेष कार्य पूरा करने के लिए दो से तीन दिन का अंतिम मौका दिया गया है। वहीं, जिन कोचिंग संस्थानों का पहली बार निरीक्षण हुआ, उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी अग्निशमन उपकरण लगाने के निर्देश दिए गए। जिन संस्थानों में सभी सुरक्षा मानक पूरे मिले, उन्हें राहत दी गई।
इस संयुक्त अभियान में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार निम, प्रबंधक स्वतंत्र वर्मा, सहायक प्रबंधक कुलदीप शर्मा तथा फायर सेफ्टी ऑफिसर अजय कुमार अपनी टीम के साथ मौजूद रहे।
शासन के निर्देश पर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद जिलेभर में कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच का अभियान लगातार चलाया जा रहा है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से पहले सुरक्षा मानकों को पूरी तरह लागू कराया जा सके।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने सभी कोचिंग संचालकों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संस्थानों से तत्काल फायर सेफ्टी मानकों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की और कहा कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सीलिंग सहित कड़ी कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }