BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

गुरु वंदन एवं शिक्षक सम्मान समारोह: छह जनपदों के 400 से अधिक शिक्षकों का हुआ सम्मान


मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी" / ग्रेटर नोएडा
शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित करने तथा गुरु-शिष्य परंपरा के प्रति समाज में सम्मान की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, उत्तर प्रदेश द्वारा रविवार को जीएनआईओटी ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशन्स, ग्रेटर नोएडा में भव्य 'गुरु वंदन एवं शिक्षक सम्मान समारोह' का आयोजन किया गया। समारोह में गौतम बुद्ध नगर, अलीगढ़, बुलंदशहर, गाजियाबाद, बागपत और मेरठ सहित छह जनपदों के 400 से अधिक शिक्षकों को उनके उल्लेखनीय शैक्षिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सांसद एवं एचआरआईटी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अनिल अग्रवाल, पूर्व एमएलसी संजय कुमार मिश्रा, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के प्राथमिक संवर्ग के अध्यक्ष शिव शंकर, तकनीकी संवर्ग के अध्यक्ष सुदेश कुमार सिंह, ऑक्सफोर्ड ग्रीन पब्लिक स्कूल की अध्यक्ष नूतन भाटी, माध्यमिक संवर्ग के अध्यक्ष अनूप शर्मा तथा कार्यक्रम संयोजक एवं माध्यमिक संवर्ग के पूर्व अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इसके अलावा डॉ. एस.के. बैसला, मनीष कुमार कुशवाहा, महेश शर्मा, तकनीकी संवर्ग के महामंत्री डॉ. सुनील मिश्रा, अजीत सिंह, रेनू मिश्रा तथा अजब सिंह सहित अनेक शिक्षाविदों, शिक्षा अधिकारियों एवं पदाधिकारियों ने समारोह की गरिमा बढ़ाई।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान देने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के भविष्य का निर्माता होता है। उन्होंने भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और संस्कारयुक्त पीढ़ी के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम संयोजक संतोष कुमार सिंह ने शिक्षकों के समक्ष आने वाली विभिन्न प्रशासनिक, सेवा संबंधी एवं शैक्षिक समस्याओं को विस्तार से उठाया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था के लिए शिक्षकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान आवश्यक है। इस दौरान उपस्थित शिक्षकों एवं पदाधिकारियों ने शिक्षकों से जुड़े मुद्दों को शासन और प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाने तथा उनके समाधान के लिए सामूहिक प्रयास करने का प्रस्ताव भी पारित किया।
सम्मान समारोह में विभिन्न विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों से आए शिक्षकों को प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान देकर उनके योगदान की सराहना की गई। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण बनाने के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम का समापन गुरुजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए इस संकल्प के साथ हुआ कि शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता, नैतिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण की भावना को आगे बढ़ाने के लिए सभी शिक्षक पूरी निष्ठा के साथ कार्य करते रहेंगे।
.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }