BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

संविधान मान स्तंभ स्थापना दिवस पर सपा का शक्ति प्रदर्शन, 2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का लिया संकल्प


 मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा
समाजवादी पार्टी गौतमबुद्ध नगर कार्यालय पर रविवार को 'संविधान मान स्तंभ स्थापना दिवस' एवं आरक्षण दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, महिला सभा, युवजन सभा तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर संविधान की मूल भावना, सामाजिक न्याय और आरक्षण की व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की प्रमुख आयोजक समाजवादी पार्टी महिला सभा गौतमबुद्ध नगर की जिलाध्यक्ष डॉ. शशि यादव रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और न्याय प्रदान करता है। संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के आदर्शों पर चलते हुए समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय, समान अवसर और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी।
डॉ. शशि यादव ने कहा कि संविधान और आरक्षण व्यवस्था समाज के वंचित, शोषित, पिछड़े, दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक तथा महिलाओं को समान अवसर प्रदान करने का माध्यम है। इन संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा संविधान की गरिमा और लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी।
इस अवसर पर उपस्थित सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) की एकजुटता के साथ समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को पुनः उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं ने जोशीले नारों के साथ पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान संविधान की प्रस्तावना के मूल्यों, सामाजिक समरसता, भाईचारे और लोकतंत्र को मजबूत करने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि संविधान देश की सबसे बड़ी शक्ति है और इसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और शहर-शहर जाकर समाजवादी पार्टी की नीतियों तथा पीडीए की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन पर कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक नारे लगाए—
"पीडीए का इंकलाब होगा,
2027 में बदलाव होगा।"
साथ ही सभी ने यह संकल्प भी दोहराया कि आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को मजबूत करने के लिए संगठनात्मक स्तर पर पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ कार्य करेंगे। कार्यक्रम का माहौल उत्साह, जोश और संगठनात्मक एकजुटता से भरपूर रहा।
.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }