BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

ग्रेटर नोएडा के सभी 133 बूथों पर सुना गया पीएम मोदी का 'मन की बात', कार्यकर्ताओं ने लिया राष्ट्रहित में जनजागरण का संकल्प

  मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा
 भारतीय जनता पार्टी के ग्रेटर नोएडा मंडल के अंतर्गत रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 136वें संस्करण का सामूहिक श्रवण मंडल के सभी 133 बूथों पर किया गया। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक, महिला एवं युवा मोर्चा के कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर वीर सैनिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अदम्य साहस, पराक्रम और समर्पण को देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के वीर जवानों का त्याग आने वाली पीढ़ियों को देशसेवा के लिए निरंतर प्रेरित करता रहेगा।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी रक्षा उत्पादन, अंतरिक्ष विज्ञान, युवाओं के नवाचार, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, 'कैच द रेन' अभियान, 'वेस्ट टू वेल्थ', महिला स्वयं सहायता समूहों, खादी, हस्तकरघा तथा भारतीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए नागरिकों से इन अभियानों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
भाजपा ग्रेटर नोएडा मंडल अध्यक्ष अर्पित तिवारी ने कहा कि मंडल के सभी 133 बूथों पर 'मन की बात' कार्यक्रम का सफल आयोजन संगठन की मजबूत कार्यशैली, अनुशासन और कार्यकर्ताओं की सक्रियता का प्रमाण है। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने वाले सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
भाजपा ग्रेटर नोएडा मंडल के मीडिया प्रभारी डॉ. भगवत प्रसाद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री का 'मन की बात' कार्यक्रम केवल एक रेडियो प्रसारण नहीं, बल्कि समाज को सकारात्मक दिशा देने वाला प्रभावी जनसंवाद है। यह राष्ट्रनिर्माण, आत्मनिर्भरता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने, राष्ट्रहित से जुड़े अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा समाज में जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का आयोजन पूरे मंडल में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }