BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

YEIDA CEO राकेश कुमार सिंह के साथ IBA की अहम बैठक, उद्योग विकास व निवेश को लेकर बनी सहमति

मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ यीडा सिटी 
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) राकेश कुमार सिंह के साथ इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) के प्रतिनिधिमंडल की एक महत्वपूर्ण एवं सकारात्मक बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में औद्योगिक विकास को गति देने, निवेश को प्रोत्साहित करने और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की शुरुआत में IBA प्रतिनिधिमंडल ने YEIDA क्षेत्र में तेजी से हो रहे औद्योगिक विकास, निवेश-अनुकूल वातावरण और प्रशासन की उद्योग हितैषी कार्यशैली की सराहना की। इस अवसर पर IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने CEO राकेश कुमार सिंह को प्रतीक चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया।
IBA की ओर से उद्यमियों की समस्याओं एवं सुझावों से संबंधित एक विस्तृत ज्ञापन CEO को सौंपा गया। ज्ञापन में औद्योगिक अवसंरचना, सड़क व ड्रेनेज व्यवस्था, सार्वजनिक परिवहन, उद्योग स्थापना प्रक्रियाओं का सरलीकरण, कम्प्लीशन एवं फंक्शनल प्रमाणन, सिंगल विंडो सिस्टम, Change in Constitution (CIC), ट्रांसफर नीति, लीज रेंट, MSME के लिए भूखंड योजनाएं, कॉमन फैसिलिटेशन सेंटर तथा सहायक औद्योगिक बाजारों के विकास जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।
बैठक के दौरान CEO राकेश कुमार सिंह ने सभी मुद्दों को गंभीरता और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि YEIDA क्षेत्र देश के सबसे संभावनाशील औद्योगिक हब में से एक है, जहां जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, मजबूत कनेक्टिविटी और एक्सप्रेसवे नेटवर्क इसे विशेष बनाते हैं।
उन्होंने उद्यमियों से आह्वान किया कि वे गुणवत्तापूर्ण निर्माण कर उद्योग स्थापित करें और उत्पादन गतिविधियों को तेजी से शुरू करें। साथ ही आश्वस्त किया कि उद्योगों को किसी भी प्रकार की अनावश्यक बाधा नहीं आने दी जाएगी और प्राधिकरण उद्यमियों की हर समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित NOC प्रक्रियाओं को सरल बनाने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। इस पर CEO ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उद्यमियों को अलग-अलग विभागों के चक्कर न लगाने पड़ें और जहां संभव हो, प्राधिकरण स्तर पर समन्वय कर प्रक्रियाओं को समयबद्ध व आसान बनाया जाए।
IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने बैठक को सकारात्मक और परिणामोन्मुख बताते हुए कहा कि इससे उद्योग जगत में विश्वास और उत्साह का माहौल बना है। उन्होंने कहा कि YEIDA क्षेत्र में निवेश की अपार संभावनाएं हैं और उद्योगपति यहां निवेश व रोजगार सृजन के लिए तैयार हैं, बशर्ते प्रक्रियाएं सरल और पारदर्शी हों।
उन्होंने विश्वास जताया कि CEO राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में YEIDA क्षेत्र उद्योग, निवेश और रोजगार के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगा।
बैठक में IBA के उपाध्यक्ष नरेश चौहान, उपाध्यक्ष राजेश खन्ना, कार्यकारी सदस्य बिमलेश कुमार, दक्ष शर्मा, वरिष्ठ सदस्य चरणजीत सिंह, सदस्य धर्मेंद्र सिंह तथा PPS International के प्रतिनिधि पुष्पेंद्र कुमार सहित अन्य उद्यमी उपस्थित रहे।
विजन लाइव का विश्लेषण:
YEIDA और IBA के बीच यह संवाद औद्योगिक विकास को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यदि NOC प्रक्रियाओं का सरलीकरण और बुनियादी ढांचे से जुड़े मुद्दों पर त्वरित कार्यवाही होती है, तो जेवर एयरपोर्ट क्षेत्र निवेश का बड़ा केंद्र बन सकता है। अब उद्योग जगत की नजर इन आश्वासनों के जमीनी क्रियान्वयन पर रहेगी।
.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }