BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

पुलिस–उद्यमी संवाद कार्यक्रम में गूंजे उद्योगों के मुद्दे, डीसीपी ने दिया समाधान एवं सहयोग का भरोसा


विजन लाइव/ ग्रेटर नोएडा
इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), गौतमबुद्ध नगर द्वारा इकोटेक-3 स्थित जेबीजे टेक्नोलॉजीज लिमिटेड में “पुलिस–उद्यमी संवाद कार्यक्रम” का सफल एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना, पुलिस प्रशासन एवं उद्यमियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा उद्योगों से संबंधित समस्याओं एवं सुझावों पर सार्थक संवाद करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस उपायुक्त (DCP) नोएडा सेंट्रल शैलेंद्र कुमार सिंह रहे। उनके साथ सहायक पुलिस आयुक्त (ACP-3) राजीव कुमार गुप्ता, थाना प्रभारी इकोटेक-3 अजय कुमार सिंह सहित पुलिस विभाग की टीम मौजूद रही। सभी अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ, प्लांटर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए IBA अध्यक्ष अमित उपाध्याय ने कहा कि किसी भी औद्योगिक क्षेत्र की प्रगति के लिए सुरक्षित एवं विश्वासपूर्ण वातावरण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने पुलिस एवं उद्योग जगत के बीच नियमित संवाद को समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बताया।
संवाद सत्र के दौरान उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्रों की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, साइबर अपराधों की रोकथाम, रात्रिकालीन गश्त, महिला सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दे पुलिस प्रशासन के समक्ष रखे। बैठक सकारात्मक एवं रचनात्मक वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें सभी प्रतिभागियों को अपने विचार रखने का अवसर मिला।
अपने संबोधन में डीसीपी शैलेंद्र कुमार सिंह ने उद्यमियों को आश्वस्त किया कि पुलिस प्रशासन उनकी सुरक्षा एवं समस्याओं के समाधान के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्राप्त सुझावों पर गंभीरता से कार्यवाही करने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों की सुरक्षा जिले के आर्थिक विकास से सीधे जुड़ी है और पुलिस विभाग उद्योग जगत के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखेगा।
कार्यक्रम में IBA के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कृष्ण शर्मा एवं जेबीजे टेक्नोलॉजीज लिमिटेड के असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट देवेंद्र शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए और इस पहल को उद्योग एवं प्रशासन के बीच सहयोग को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।
विशिष्ट अतिथियों के रूप में पूर्व असिस्टेंट कमिश्नर (उद्योग) जी.पी. गोस्वामी एवं टेन न्यूज़ नेटवर्क के संस्थापक एवं वरिष्ठ पत्रकार गजानन माली भी उपस्थित रहे। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए इसे औद्योगिक विकास के लिए आवश्यक बताया।
कार्यक्रम में IBA के पदाधिकारी, जेबीजे टेक्नोलॉजीज के प्रतिनिधि एवं 100 से अधिक उद्यमियों ने सक्रिय सहभागिता की। प्रमुख रूप से कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष नरेश चौहान, अजय राणा, सुधीर त्यागी, डॉ. खुशबू सिंह, राजेश खन्ना, जॉइंट सेक्रेटरी दर्शन शर्मा, सेक्टर सेक्रेटरी अरविंद भाटी सहित कई गणमान्य उद्यमी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने ऐसे संवाद कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित करने पर जोर दिया और विश्वास व्यक्त किया कि इससे पुलिस एवं उद्योग जगत के बीच सहयोग और अधिक मजबूत होगा।
यह आयोजन पुलिस प्रशासन एवं उद्योग जगत के बीच विश्वास, संवाद और साझेदारी को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।
.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }