मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा
विद्यार्थियों को व्यावहारिक शिक्षा और आधुनिक औद्योगिक प्रक्रियाओं से परिचित कराने के उद्देश्य से ग्रेटर नोएडा वर्ल्ड स्कूल के विद्यार्थियों का ग्रेटर नोएडा स्थित ओप्पो मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने मोबाइल निर्माण की पूरी प्रक्रिया को करीब से देखा और अत्याधुनिक तकनीकों की कार्यप्रणाली को समझा।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को कच्चे माल के चयन से लेकर इलेक्ट्रॉनिक पुर्जों के संयोजन, स्वचालित उत्पादन प्रणाली, गुणवत्ता परीक्षण, पैकेजिंग और तैयार उत्पाद के बाज़ार तक पहुंचने की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी गई। उन्होंने रोबोटिक तकनीक, ऑटोमेटेड प्रोडक्शन लाइन, गुणवत्ता नियंत्रण प्रणाली और सुरक्षा मानकों का भी अवलोकन किया।
इस भ्रमण का सबसे खास अनुभव तब रहा, जब ओप्पो की तकनीकी टीम के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने स्वयं अपने हाथों से मोबाइल फोन का संयोजन किया। इस गतिविधि ने विद्यार्थियों में तकनीकी शिक्षा और आधुनिक विनिर्माण के प्रति विशेष रुचि और उत्साह पैदा किया।
ओप्पो के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित विनिर्माण, अनुसंधान एवं विकास, पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा दक्षता और वैश्विक गुणवत्ता मानकों की जानकारी दी। वरिष्ठ प्रबंधक वार्थी चैतन्य कुमार ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग में करियर की संभावनाओं, नवाचार और कौशल विकास के महत्व पर प्रकाश डाला तथा उनके तकनीकी प्रश्नों के उत्तर भी दिए।
विद्यालय की प्रधानाचार्या मंजू कौल ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल पुस्तक आधारित शिक्षा तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें वास्तविक जीवन के अनुभवों से जोड़ना भी है। ऐसे औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों के ज्ञान, आत्मविश्वास, विश्लेषणात्मक सोच और नवाचार की भावना को विकसित करते हैं तथा भविष्य के करियर चयन में भी सहायक सिद्ध होते हैं।
भ्रमण के बाद विद्यार्थियों ने इसे ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और यादगार अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि मोबाइल निर्माण को अपनी आंखों के सामने देखना और स्वयं उसका संयोजन करना उनके लिए बेहद रोमांचक रहा।
अंत में विद्यालय प्रबंधन ने ओप्पो मैन्युफैक्चरिंग प्लांट के अधिकारियों एवं विशेष रूप से वरिष्ठ प्रबंधक वार्थी चैतन्य कुमार का उत्कृष्ट मार्गदर्शन, सहयोग और आतिथ्य के लिए आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे शैक्षणिक भ्रमण आयोजित करने की उम्मीद जताई।