BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

नगरीय वंचित बच्चों के लिए नृत्य एवं आत्मरक्षा प्रशिक्षण वर्ग का समापन

मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी" / ग्रेटर नोएडा

वनवासी रक्षा परिवार फाउंडेशन, गौतमबुद्ध नगर द्वारा नगरीय वंचित समाज के बच्चों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से आयोजित नृत्य एवं आत्मरक्षा प्रशिक्षण वर्ग का सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह प्रशिक्षण वर्ग 16 जून से 24 जून तक सी-296, अल्फा-1, ग्रेटर नोएडा में संचालित किया गया।

प्रशिक्षण वर्ग में स्वप्निल डांस एकेडमी की निदेशिका श्रीमती नवनीता महेश ने अपनी पुत्रियों श्रुति महेश एवं सारा महेश के साथ मिलकर बच्चों को निःस्वार्थ भाव से नृत्य एवं आत्मरक्षा का प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षण के दौरान बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए प्रो. विवेक ने कहा कि समाज के वंचित वर्ग के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें उचित मार्गदर्शन, अवसर और प्रोत्साहन देने की है। उन्होंने कहा कि वनवासी रक्षा परिवार फाउंडेशन ऐसे बच्चों को संस्कारित, शिक्षित एवं उनकी छिपी हुई प्रतिभाओं को निखारने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है, जिससे वे भविष्य में समाज और राष्ट्र के लिए उपयोगी नागरिक बन सकें।

कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षण प्राप्त 20 बच्चों ने नृत्य और आत्मरक्षा की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों के आत्मविश्वास, अनुशासन और प्रदर्शन की सभी ने सराहना की।

इस अवसर पर संभाग संयोजक भरत सिंह, आचार्या सविता चौधरी, गजानन माली, राजेंद्र सोनी, स्टार कम्प्यूटर्स के संदीप राठी, इंद्रजीत सिंह, ब्रजेश कुमार, महेश सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षकों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। वनवासी रक्षा परिवार फाउंडेशन ने भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण वर्गों और सामाजिक उत्थान के कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }