BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

खोदना खुर्द में चला प्राधिकरण का बुलडोजर: 12 करोड़ की जमीन से अतिक्रमण साफ, अवैध प्लॉटिंग माफिया में हड़कंप


    मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने एक बार फिर अवैध कब्जों पर कड़ा प्रहार करते हुए ग्राम खोदना खुर्द में बड़ा बुलडोजर एक्शन चलाया। करीब 6000 वर्ग मीटर की बेशकीमती जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराकर प्राधिकरण ने साफ संकेत दे दिया है कि अवैध कॉलोनाइजरों के लिए अब कोई राहत नहीं है। इस जमीन की अनुमानित कीमत करीब 12 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के सख्त निर्देशों के बाद भूलेख और परियोजना विभाग की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से यह कार्रवाई अंजाम दी। सोमवार दोपहर बाद शुरू हुआ यह अभियान करीब दो घंटे तक चला, जिसमें अवैध रूप से की जा रही प्लॉटिंग को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।

सूत्रों के मुताबिक, ग्राम खोदना खुर्द के खसरा संख्या 502 की जमीन पर कॉलोनाइजरों द्वारा अवैध तरीके से प्लॉटिंग की जा रही थी। यह जमीन पहले से ही प्राधिकरण की अर्जित एवं कब्जा प्राप्त भूमि है, इसके बावजूद भूमाफिया यहां लोगों को गुमराह कर प्लॉट बेचने की फिराक में थे।

जैसे ही प्राधिकरण की टीम भारी पुलिस बल और मशीनों के साथ मौके पर पहुंची, इलाके में हड़कंप मच गया। बुलडोजर की गर्जना के साथ अवैध निर्माणों को एक-एक कर जमींदोज किया गया। मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और अवैध गतिविधियों में लगे लोगों ने दूरी बना ली।

इस कार्रवाई का नेतृत्व वर्क सर्किल-2 के वरिष्ठ प्रबंधक प्रदीप कुमार ने किया। उनके साथ प्रबंधक रोहित गुप्ता, सुपरवाइजर और प्राधिकरण के सुरक्षाकर्मियों की टीम पूरी मुस्तैदी के साथ मौजूद रही। टीम ने सुनिश्चित किया कि अवैध कब्जे का एक भी निशान न बचे।

एसीईओ सुमित यादव ने साफ चेतावनी देते हुए कहा कि अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति या बिना नक्शा पास कराए किसी भी प्रकार का निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा, “अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। नियमों को ताक पर रखकर जमीन पर कब्जा करने वालों को किसी भी सूरत में नहीं छोड़ा जाएगा।”

साथ ही उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे ग्रेटर नोएडा में जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से पूरी जानकारी अवश्य लें। उन्होंने आगाह किया कि अवैध कॉलोनियों में निवेश करना जोखिम भरा हो सकता है और इससे लोगों की मेहनत की कमाई डूब सकती है।

महाप्रबंधक एके सिंह ने भी स्पष्ट किया कि प्राधिकरण अपनी जमीन की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है और भविष्य में भी इस तरह के अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोबारा यहां किसी प्रकार का अवैध निर्माण किया गया, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध कॉलोनाइजरों के बीच खलबली मच गई है। प्राधिकरण के इस सख्त रुख ने यह साफ कर दिया है कि अब ग्रेटर नोएडा में अवैध कब्जे और फर्जी प्लॉटिंग के खेल पर लगाम कसने का अभियान तेज हो चुका है।


.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }