BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

आईटीएस डेंटल कॉलेज में “Future Roadmap for the Young Dentist” पर सेमिनार, आधुनिक तकनीकों पर जोर


  मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा
आईटीएस डेंटल कॉलेज, हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, नॉलेज पार्क-3 में मंगलवार को “Future Roadmap for the Young Dentist” विषय पर एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया। इस सेमिनार का आयोजन पेरियोडॉन्टिक्स विभाग द्वारा किया गया, जिसमें बीडीएस और एमडीएस के विद्यार्थियों के साथ संस्थान के सभी शिक्षकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य डेंटल क्षेत्र में हो रहे नवीन बदलावों और भविष्य की चुनौतियों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करना रहा। सेमिनार में मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध दंत चिकित्सक एवं शिक्षाविद् डॉ. ए. कुमारस्वामी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में डॉ. कुमारस्वामी ने कहा कि आज डेंटिस्ट्री केवल पारंपरिक उपचार तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि डिजिटल डेंटिस्ट्री, इम्प्लांटोलॉजी, लेजर तकनीक, पेरियो-एस्थेटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी आधुनिक विधाओं ने इस क्षेत्र को नई दिशा दी है। उन्होंने छात्रों को तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ निरंतर सीखने की इच्छा, नैतिक मूल्यों और मरीज-केंद्रित दृष्टिकोण अपनाने की सलाह दी।
उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में मरीजों के पास समय की कमी होगी और वे कम समय में बेहतर एवं विश्वसनीय उपचार की अपेक्षा करेंगे, ऐसे में दंत चिकित्सकों को आधुनिक तकनीकों और उपचार पद्धतियों की जानकारी लगातार अपडेट करते रहना जरूरी है।
इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य डॉ. ओमकार के. शेट्टी ने कहा कि आईटीएस डेंटल कॉलेज विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अत्याधुनिक सुविधाएं प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। ऐसे सेमिनार छात्रों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
वहीं आईटीएस एजुकेशन ग्रुप के उपाध्यक्ष सोहेल चड्ढा ने सेमिनार के सफल आयोजन पर पेरियोडॉन्टिक्स विभाग की सराहना करते हुए कहा कि दंत चिकित्सकों को समय-समय पर आधुनिक मशीनों और नई तकनीकों का अध्ययन करते रहना चाहिए, ताकि मरीजों को बेहतर सेवाएं प्रदान की जा सकें।
सेमिनार में विशेषज्ञों के विचारों से छात्रों को डेंटल क्षेत्र के बदलते स्वरूप और करियर के नए अवसरों की महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।