BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

डाढा सीएचसी में आधुनिक रिहैबिलिटेशन सुविधाएं देगा गलगोटिया विश्वविद्यालय


मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ यीडा सिटी
ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की कमी को दूर करने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए गलगोटिया विश्वविद्यालय ने डाढा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में आधुनिक रिहैबिलिटेशन सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।
यह पहल गौतम बुद्ध नगर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय और डाढा सीएचसी के सहयोग से संचालित की जाएगी। इसके तहत स्वास्थ्य केंद्र की फिजियोथेरेपी एवं रिहैबिलिटेशन यूनिट को आधुनिक उपकरणों, प्रशिक्षित स्टाफ और संचालन सहयोग से सशक्त बनाया जाएगा, जिससे मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर उपचार मिल सके।
विश्वविद्यालय द्वारा केंद्र को सर्वाइकल ट्रैक्शन सिस्टम, गेट ट्रेनिंग उपकरण, चिकित्सीय व्यायाम प्रणाली, शॉर्टवेव डायाथर्मी, टेन्स और आईएफटी सिस्टम, वॉकर, शोल्डर व्हील और पुली जैसे अत्याधुनिक फिजियोथेरेपी उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके साथ ही यूनिट के प्रभावी संचालन के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन भी मुहैया कराया जाएगा।
इस सहयोग से न केवल मरीजों को उनके घर के पास ही रिहैबिलिटेशन सेवाएं मिलेंगी, बल्कि सामुदायिक स्वास्थ्य जागरूकता, प्रिवेंटिव हेल्थ केयर, मरीज सहायता और गुणवत्ता आधारित स्वास्थ्य सेवाओं को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे मरीजों को इलाज और फॉलोअप के लिए दूर-दराज के अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
गलगोटिया विश्वविद्यालय के सीईओ डॉ. ध्रुव गलगोटिया ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं तक समान पहुंच सुनिश्चित करना आज की बड़ी जरूरत है, खासकर उन क्षेत्रों में जहां रिहैबिलिटेशन सुविधाएं सीमित हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय केवल शिक्षा तक सीमित न रहकर सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
यह पहल समाज हित और जनकेंद्रित विकास की दिशा में गलगोटिया विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसका उद्देश्य स्वास्थ्य, शिक्षा और नवाचार के माध्यम से आमजन के जीवन स्तर में सुधार लाना है।