BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts












 

ग्रेटर नोएडा: भाजपा राज में भय, भ्रष्टाचार और अपराध का माहौल—मंत्रियों-विधायकों की संपत्ति की जांच हो: दीपक भाटी चोटीवाला


📍 मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा

जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्धनगर द्वारा ग्रेटर नोएडा में एक महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता आयोजित की गई, जिसमें उत्तर प्रदेश में बढ़ते भ्रष्टाचार, अपराध और भय के वातावरण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। यह प्रेस वार्ता प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर चल रहे प्रदेशव्यापी अभियान के तहत आयोजित की गई।

पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और आम नागरिक भय व असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के मंत्री और विधायक सत्ता का दुरुपयोग कर जनता के विश्वास के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं और भ्रष्टाचार सरकार की कार्यशैली का हिस्सा बन चुका है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं, दलितों, किसानों, युवाओं और व्यापारियों के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार अपराधियों पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें संरक्षण दे रही है। कांग्रेस पार्टी इन मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी और जनविरोधी नीतियों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रखेगी।

दीपक भाटी चोटीवाला ने मांग की कि उत्तर प्रदेश सरकार के सभी मंत्रियों एवं भाजपा विधायकों की संपत्ति की निष्पक्ष और स्वतंत्र एजेंसियों से जांच कराई जाए, ताकि जनता के सामने सच्चाई आ सके। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा नेता स्वयं को ईमानदार बताते हैं तो उन्हें जांच से डरना नहीं चाहिए।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश में विकास के नाम पर बड़े घोटाले हो रहे हैं और सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार तथा किसानों के मुद्दों पर सरकार विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार केवल प्रचार पर ध्यान दे रही है, जबकि जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है।

इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष अजय राय द्वारा उठाए गए भ्रष्टाचार और संपत्ति जांच के मुद्दे का समर्थन किया और कहा कि पार्टी पारदर्शिता व जवाबदेही की राजनीति में विश्वास रखती है। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि यह लोकतंत्र और संविधान की मूल भावना के अनुरूप है।
अंत में जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में लोकतांत्रिक आवाजों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के अधिकारों और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।

इस अवसर पर मुकेश शर्मा, गौतम अवाना, महाराज सिंह नागर, सतीश शर्मा, हरेन्द्र शर्मा, सुरेन्द्र प्रताप सिंह, अरुण भाटी, धर्म सिंह, सुबोध भट्ट, तीरथ राम वाल्मीकि सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }