BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts

मूलभूत समस्याओं को लेकर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर प्रदर्शन, समाधान की उठी मांग

📍मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अंतर्गत आने वाले गांवों और शहरी क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं को लेकर करप्शन फ्री इंडिया संगठन के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला सचिव रिंकू बैसला के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता प्राधिकरण कार्यालय पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाई। इस दौरान संगठन ने प्राधिकरण के ओएसडी रामनयन को ज्ञापन सौंपते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
संगठन के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय ने बताया कि बरसात, बिसायचपुर, झालड़ा, तालड़ा, कनारसी, डाढ़ा, चूहड़पुर खादर और सेक्टर XU-3 समेत कई क्षेत्रों में लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों के निवासी सड़क, सफाई, स्ट्रीट लाइट और अन्य आवश्यक सुविधाओं की कमी से जूझ रहे हैं, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
विशेष रूप से बरसात गांव में निर्माणाधीन मुख्य सड़क का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। बताया गया कि सड़क निर्माण के दौरान दोनों ओर इंटरलॉकिंग ईंट का कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने इस कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण कराने की मांग की।
इसके अलावा प्रदर्शनकारियों ने गांवों में मुख्य रास्तों के निर्माण, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था, श्मशान घाट की स्थिति सुधारने और गंदगी की समस्या के स्थायी समाधान की मांग भी उठाई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्राधिकरण के ओएसडी रामनयन ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
इस मौके पर विजेंद्र सिंह नागर, धर्मेंद्र भाटी, रविंद्र नागर, श्याम सुंदर, रोहतास नागर, प्रताप नागर, सुरेन्द्र सिंह, मूलचंद शर्मा, बॉबी गुर्जर, राकेश बंसल सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }