BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

डेल्टा लेबर चौक पर ठंडे पानी का इंतजाम, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने लगाया वाटर एटीएम

विधायक तेजपाल नागर ने किया शुभारंभ, श्रमिकों को मिलेगा निशुल्क आरओ का ठंडा पानी
 मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा
भीषण गर्मी के बीच श्रमिकों और राहगीरों को राहत देने के उद्देश्य से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने डेल्टा लेबर चौक पर वाटर एटीएम स्थापित किया है। शुक्रवार को दादरी के विधायक तेजपाल नागर ने इसका विधिवत शुभारंभ किया। इस पहल से अब लेबर चौक पर आने वाले सैकड़ों श्रमिकों और राहगीरों को निशुल्क आरओ का ठंडा और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
दरअसल, डेल्टा लेबर चौक पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रमिक काम की तलाश में जुटते हैं। तेज गर्मी के दौरान उन्हें पेयजल की भारी समस्या का सामना करना पड़ता था। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एन.जी. रवि कुमार के निर्देश पर यहां वाटर एटीएम लगाया गया है।
शुभारंभ के अवसर पर विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि लेबर चौक जैसे स्थानों पर वाटर एटीएम की अत्यंत आवश्यकता थी। उन्होंने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे तपती गर्मी में श्रमिकों और राहगीरों को बड़ी राहत मिलेगी।
इस अवसर पर प्राधिकरण के परियोजना विभाग, वर्क सर्किल-5 के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार निम, प्रबंधक स्वतंत्र वर्मा, जूनियर इंजीनियर कुलदीप शर्मा तथा सेक्टर डेल्टा के प्रतिनिधि सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि यह ग्रेटर नोएडा में स्थापित दूसरा वाटर एटीएम है। इससे पहले नटों की मड़ैया क्षेत्र में वाटर एटीएम लगाया गया था, जिसका शुभारंभ 7 मई को जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह द्वारा किया गया था।