BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

अस्तौली गांव में श्रद्धापूर्वक मनाई गई चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की 15वीं पुण्यतिथि


हवन-पूजन, पौधारोपण और रक्तदान के साथ दी श्रद्धांजलि, गूंजे “बाबा टिकैत अमर रहें” के नारे
    मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा
 भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के संस्थापक और प्रख्यात किसान नेता चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की 15वीं पुण्यतिथि शुक्रवार को गौतम बुद्ध नगर के अस्तौली गांव में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का नेतृत्व भाकियू के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रवक्ता पवन खटाना और किसान नेता सूरज भाटी ने किया।
इस अवसर पर अस्तौली गांव के धरना स्थल पर भव्य हवन-पूजन का आयोजन किया गया, जिसमें किसान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आहुति देकर बाबा टिकैत की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के तहत पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए 15 पौधे लगाए गए, साथ ही रोटरी क्लब के ब्लड बैंक के लिए 32 यूनिट रक्तदान भी किया गया। इस दौरान “बाबा टिकैत अमर रहें” के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए मेरठ मंडल महासचिव अनित कसाना और जिला अध्यक्ष रॉबिन नागर ने कहा कि चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत केवल एक नेता नहीं, बल्कि किसानों की सशक्त आवाज थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन किसानों के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई के लिए समर्पित कर दिया। वक्ताओं ने सभी से उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए किसानों के हक की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में भाकियू के स्थानीय पदाधिकारियों और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान वक्ताओं ने बाबा टिकैत के ऐतिहासिक आंदोलनों को याद करते हुए संगठन की एकता और किसानों की मजबूती पर जोर दिया।
इस मौके पर राजे प्रधान, विनोद प्रधान, सुनील प्रधान, सुरेंद्र नागर, बेली भाटी, अजीत अधाना, विनोद शर्मा, धर्मपाल स्वामी, राजीव मलिक, लाला यादव, अमित जैलदार, अविनाश जलपुरा, चंद्रपाल बाबूजी, राकेश नागर, गुलाब, सचिन नागर, संजू बसोया, संजीव, पवन नागर, सुभाष सलारपुर, जगदीश कुमार, कपिल तंवर, जीते गुर्जर, संदीप खटाना, सुंदर खटाना, विनोद अधाना, परविंदर मावी, सुलली भाटी, सचिन, सोनू, प्रदीप सहित सैकड़ों किसान एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।