BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts












 

गौतमबुद्धनगर: श्रमिक दिवस के मद्देनज़र कमिश्नरेट में सख्त सुरक्षा इंतज़ाम, ड्रोन और CCTV से निगरानी


  क्राइम रिपोर्टर / गौतमबुद्धनगर
 अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने व्यापक और सुदृढ़ सुरक्षा प्रबंध किए हैं। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में पूरे जनपद में हाई अलर्ट रखते हुए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी की जा रही है।
कमिश्नरेट में सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए जोनल-सेक्टर स्कीम लागू की गई है। इसके तहत पूरे क्षेत्र को 11 जोन और 49 सेक्टर में विभाजित किया गया है। नोएडा जोन में 4 जोन और 16 सेक्टर, सेंट्रल नोएडा में 3 जोन और 24 सेक्टर तथा ग्रेटर नोएडा में 4 जोन और 9 सेक्टर निर्धारित किए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अन्य जनपदों से भी भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, जिसमें 6 एसपी, 14 अपर पुलिस अधीक्षक, 30 क्षेत्राधिकारी (Dy.SP), 65 निरीक्षक, 400 उपनिरीक्षक, 150 महिला उपनिरीक्षक, 900 आरक्षी/मुख्य आरक्षी, 200 महिला आरक्षी और 10 कंपनी पीएसी शामिल हैं। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर भी डीसीपी, एडिशनल डीसीपी और एसीपी रैंक के अधिकारी सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी ड्यूटी पर लगाए गए हैं। उल्लेखनीय है कि इस बार सुरक्षा व्यवस्था में महिला पुलिसकर्मियों की भी बड़ी भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
महत्वपूर्ण औद्योगिक इकाइयों, बहुराष्ट्रीय कंपनियों, लघु उद्योग क्षेत्रों, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई है। साथ ही, कई मोबाइल पुलिस टीमें भी क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही हैं ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
पुलिस द्वारा पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से आमजन को शासन के दिशा-निर्देशों के बारे में जागरूक किया जा रहा है। वहीं, करीब 50 से अधिक प्रमुख स्थानों पर ड्रोन के जरिए निगरानी के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरों से भी सतत नजर रखी जा रही है।
कमिश्नरेट के कंट्रोल रूम में एक राजपत्रित अधिकारी की तैनाती की गई है, जो सभी सर्विलांस सिस्टम पर नजर रखते हुए किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
गौरतलब है कि श्रमिकों के संभावित धरना-प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए 30 अप्रैल से 8 मई 2026 तक भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा 163 लागू कर दी गई है।
पुलिस प्रशासन के इन व्यापक प्रबंधों का मुख्य उद्देश्य आमजन में सुरक्षा का विश्वास बनाए रखना और जिले में शांति एवं सुव्यवस्था कायम रखना है।
.header-ads img { height:300px !important; max-height:300px !important; width:150% !important; object-fit:cover; }