BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

एनपीसीएल के खिलाफ भारतीय किसान यूनियन (बलराज) का प्रदर्शन, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन


    Vision Live / गौतमबुद्धनगर 
भारतीय किसान यूनियन (बलराज) के राष्ट्रीय अध्यक्ष बलराज भाटी के आह्वान पर सोमवार को संगठन के कार्यकर्ताओं ने एनपीसीएल (NPCL) के कथित तानाशाही रवैये के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष जोगेंद्र नागर उर्फ खिज्जू पहलवान के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी गौतमबुद्ध नगर को ज्ञापन सौंपकर बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए।
संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राष्ट्रीय महासचिव विपिन खारी ने आरोप लगाया कि एनपीसीएल द्वारा गौतमबुद्ध नगर के उपभोक्ताओं के साथ खुली लूट की जा रही है। उन्होंने बताया कि नए बिजली कनेक्शन के नाम पर उपभोक्ताओं से ₹25,000 तक की वसूली की जा रही है, और दूरी बढ़ने पर ₹70 प्रति स्क्वायर फीट के हिसाब से अतिरिक्त शुल्क लिया जा रहा है, जबकि पहले ऐसा कोई प्रावधान नहीं था। साथ ही, मीटर रीडिंग तेज चलने और बिलिंग में गड़बड़ी के कारण उपभोक्ताओं को अत्यधिक बिल थमाए जा रहे हैं।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चौधरी शौकत अली चेची ने कहा कि एक निजी कंपनी के रूप में एनपीसीएल उपभोक्ताओं का शोषण कर रही है। बिजली दरों को चार जोनों में बांटकर मनमानी वसूली की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी बड़े-बड़े कार्यालय बनाकर अपने नियम लागू कर रही है, झूठे बिजली चोरी के मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं और उपभोक्ताओं से कई गुना तक वसूली की जा रही है।
उत्तर प्रदेश अध्यक्ष योगेश वैष्णव ने गहरी नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी कि नए और शिफ्टिंग कनेक्शनों पर अवैध शुल्क वसूली, उपभोक्ताओं को “अवैध रेजिडेंस” बताकर कनेक्शन देने से इनकार, कार्यालयों में उपभोक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार, बिना सूचना कनेक्शन काटना और विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 47(5) का उल्लंघन—इन सभी मुद्दों को संगठन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा।
उन्होंने आगे कहा कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो 20 अप्रैल 2026 को सुबह 10 बजे से नॉलेज पार्क-1 स्थित हल्दौना-तुगलपुर के एनपीसीएल कार्यालय पर हजारों की संख्या में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष जोगेंद्र पहलवान ने स्पष्ट किया कि जब तक सभी जायज मांगों पर एनपीसीएल द्वारा लिखित आश्वासन नहीं दिया जाता, तब तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि धरने के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी एनपीसीएल और प्रशासन की होगी।
इस दौरान प्रमुख रूप से विपिन खारी, चौधरी शौकत अली चेची, योगेश वैष्णव, अमरीश भाटी, सोनू खारी, राहुल भाटी, ब्रजेश भाटी, प्रवीण चौहान, योगेंद्र भाटी, ब्रह्मचंद बैरागी, संदीप भाटी, अभय चौहान, सुरेश बैरागी, ओमवीर भाटी, जीतराम भाटी, प्रवीण कौशिक, सुरेंद्र भाटी, श्यामवीर बैसोया, राजेंद्र भाटी, विजेंद्र भाटी, सुमित भाटी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।