BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

आई.टी.एस. कॉलेज में “रुख़सत–2.0” का भव्य आयोजन, भावनाओं और उत्साह के बीच सीनियर्स को दी विदाई


    मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा
आई.टी.एस. कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज में बीबीए एवं बीसीए अंतिम वर्ष (बैच 2023–2026) के विद्यार्थियों के लिए आयोजित विदाई समारोह “रुख़सत–2.0” हर्ष, उल्लास और भावनात्मक पलों के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में छात्रों ने अपने तीन वर्षों के सफर को यादगार अंदाज में समेटते हुए सीनियर्स को भावभीनी विदाई दी।
समारोह का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. दिलीप सिंह, विभागाध्यक्षों और संकाय सदस्यों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं माँ सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। अपने संबोधन में डॉ. दिलीप सिंह ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान ने शिक्षा के साथ-साथ तकनीकी दक्षता, व्यक्तित्व विकास और सांस्कृतिक मूल्यों को भी समान प्राथमिकता दी है। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ते हुए विनम्रता, जिज्ञासा और अनुशासन बनाए रखने की सलाह दी।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण द्वितीय वर्ष के छात्रों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग कार्यक्रम रहे। नाट्य प्रस्तुति में छात्रों ने अपने सीनियर्स के तीन वर्षों की यादों को मंच पर जीवंत कर दिया, जिसने सभी को भावुक कर दिया। वहीं, नृत्य और संगीत प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्साह से भर दिया और पूरे सभागार में तालियों की गूंज सुनाई दी।
इस अवसर पर आयोजित “मिस्टर एवं मिस फेयरवेल” प्रतियोगिता में बीबीए के आदित्य शर्मा को मिस्टर फेयरवेल और बीसीए की निशा कुमारी को मिस फेयरवेल चुना गया। साथ ही, बीबीए की आर्या त्यागी और बीसीए के ओंकार को उनके व्यक्तित्व और प्रस्तुति के लिए एलीगेंस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
समारोह के समापन पर प्राचार्य ने सभी अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को स्मृति-चिह्न प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले संकाय सदस्यों और विद्यार्थियों के प्रति भी आभार व्यक्त किया गया।
यह आयोजन न केवल एक विदाई समारोह रहा, बल्कि छात्रों के लिए उनके कॉलेज जीवन की यादों को संजोने और भविष्य की नई उड़ान के लिए प्रेरित करने का एक यादगार मंच भी साबित हुआ।