BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

दादरी में अखिलेश यादव की “समाजवादी समानता भाईचारा रैली” की तैयारियां तेज, सपा प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस कमिश्नर से की मुलाकात

   मौहम्मद इल्यास- "दनकौरी"/ ग्रेटर नोएडा
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की 29 मार्च को दादरी में प्रस्तावित “समाजवादी समानता भाईचारा रैली” को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। रैली की प्रशासनिक अनुमति, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को गौतमबुद्धनगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह से उनके कार्यालय में मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की।
इस प्रतिनिधिमंडल में समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल रहे। सपा जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी ने बताया कि आगामी 29 मार्च को दादरी नगर स्थित मिहिर भोज डिग्री कॉलेज के प्रांगण में आयोजित होने वाली “समाजवादी समानता भाईचारा रैली” को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव संबोधित करेंगे। इस रैली में जनपद गौतमबुद्धनगर सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थकों के पहुंचने की संभावना है।
इस अवसर पर सपा जिला प्रवक्ता विनोद लोहिया एडवोकेट ने कहा कि यह रैली समाजवादी पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण अवसर होगी। उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी हमेशा सामाजिक न्याय, समानता और भाईचारे की राजनीति को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध रही है और दादरी की यह रैली इसी संदेश को और व्यापक रूप से जनता तक पहुंचाने का काम करेगी।
विनोद लोहिया एडवोकेट ने यह भी कहा कि रैली को सफल बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ता पूरी मेहनत और उत्साह के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं। गांव-गांव और शहर-शहर जाकर लोगों को रैली में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि दादरी की यह जनसभा पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक नया संदेश देने का कार्य करेगी और बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल होकर समाजवादी विचारधारा को मजबूत करेंगे।
सपा नेताओं ने पुलिस कमिश्नर से मुलाकात के दौरान रैली में आने वाले लोगों की संख्या को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण को लेकर विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। पुलिस कमिश्नर ने भी आश्वासन दिया कि प्रशासन की ओर से आवश्यक दिशा-निर्देशों के अनुसार उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर पर सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी, प्रदीप भाटी, वीर सिंह यादव, फकीरचंद नागर, गजराज नागर, सुनील चौधरी, कृशान्त भाटी, विकास जतन, विक्रम टाइगर, आकाश राणा सहित कई अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि दादरी में होने वाली यह रैली पश्चिमी उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और राजनीतिक सक्रियता को नई दिशा दे सकती है। ऐसे में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता इसे ऐतिहासिक बनाने की तैयारी में जुटे हुए हैं।