BRAKING NEWS

6/recent/ticker-posts


 

ग्रेटर नोएडा में 7–8 मार्च को भाजपा का दो दिवसीय “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण शिविर”


  Vision Live / ग्रेटर नोएडा
भारतीय जनता पार्टी, ग्रेटर नोएडा मण्डल द्वारा 7 और 8 मार्च 2026 को ग्रेटर नोएडा स्थित आईआईएमटी कॉलेज परिसर में दो दिवसीय “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण शिविर” का आयोजन किया जाएगा। प्रशिक्षण शिविर की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को मण्डल कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा, जिम्मेदारियों के निर्धारण तथा व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में भाजपा जिला गौतमबुद्धनगर के जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा के मार्गदर्शन तथा ग्रेटर नोएडा मण्डल अध्यक्ष अर्पित तिवारी के नेतृत्व में प्रशिक्षण शिविर को सफल बनाने की रणनीति तय की गई। दो दिवसीय इस शिविर में मण्डल के पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सहभागिता करेंगे।
प्रशिक्षण शिविर में कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति, बूथ प्रबंधन, जनसंपर्क अभियान, संगठनात्मक अनुशासन तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद, अंत्योदय की अवधारणा और सोशल मीडिया के सकारात्मक व प्रभावी उपयोग जैसे विषयों पर भी विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर मण्डल अध्यक्ष अर्पित तिवारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक विचार आधारित संगठन है और उसके समर्पित कार्यकर्ता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचार हमें समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और सेवा का संदेश पहुँचाने की प्रेरणा देते हैं।
वहीं भाजपा ग्रेटर नोएडा मण्डल के मीडिया एक्जीक्यूटिव भगवत प्रसाद शर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर को लेकर कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है और इसकी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि यह शिविर कार्यकर्ताओं के वैचारिक और संगठनात्मक प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण मंच होगा, जिससे बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।
बैठक में मण्डल उपाध्यक्ष राघवेंद्र त्रिपाठी, विजय कसाना, दुष्यंत चौहान, कपिल भाटी, संजय चौहान, मण्डल महामंत्री मुकेश दीक्षित, मण्डल मंत्री अमीता सिंह, भारत भूषण परमार, गौरव तोमर, भूपेन्द्र कुमार, गजेन्द्र विधुडी, पुनीत दीक्षित, कोषाध्यक्ष आर्य कोरी, मीडिया प्रभारी भगवत प्रसाद शर्मा एवं अरुण मुलेठा सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अंत में भगवत प्रसाद शर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि यह दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और संगठनात्मक दक्षता का विकास करेगा तथा भाजपा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।